मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना में 6897 ग्राम बारहमासी सड़कों से जुड़े

अगले वर्ष 330 करोड़ से बनेगी 1250 कि.मी. सड़कें

प्रदेश के शत-प्रतिशत ग्रामों को सड़क मार्ग से जोड़ने के लक्ष्य के तहत राज्य सरकार द्वारा 2661 करोड़ रुपये के व्यय से 6897 ग्रामों को ग्रेवल रोड के माध्यम से बारहमासी सड़क मार्गों से जोड़ दिया गया है। इन सड़कों का निर्माण ‘मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना” के तहत करवाया गया है। आगामी वित्तीय वर्ष में 1250 किलोमीटर सड़कों का निर्माण कर 550 ग्रामों को बारहमासी सड़कों से जोड़ा जायेगा। इसके लिये पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 330 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री गोपाल भार्गव ने कहा है कि वर्ष 2010 में राज्य सरकार ऐसे ग्राम, जो प्रधानमंत्री सड़क योजना के माध्यम से डामरीकृत मार्गों से जुड़ने से वंचित रह जाते हैं, उनमें बारहमासी सड़क सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना” का शुभारंभ किया गया था।

इस योजना के तहत 15 हजार 146 किलोमीटर सड़कों का निर्माण कर 6897 ग्रामों को जोड़ा जा चुका है। चालू वित्त वर्ष में 400 करोड़ रुपये के कार्य प्रगति पर हैं।

Facebook Comments Box