मुख्यमंत्री का संभावित रीवा आगमन 19 नवम्बर को

मध्यप्रदेश विकास यात्रा के सिलसिले में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का रीवा आगमन 19 नवम्बर को संभावित है। तद्नुक्रम में कलेक्टर प्रीति मैथिल नायक व पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार ने स्थानीय एसएएफ ग्राउण्ड में होने वाले मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर समय सीमा में आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करने के लिये निर्देशित किया। उन्होंने आम जनता के बैठने, पार्किंग व्यवस्था बनाने, बैरिकेडिंग करने सहित अन्य आवश्यक तैयारियां पूरी करने के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिये। पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम के दौरान सुचारू आवागमन के लिए ट्रैफिक व सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिये । इस मौके पर आयुक्त नगर निगम सौरभ कुमार सुमन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, शिव कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि विकास यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री स्वरोजगार एवं कौशल सम्मेलन में रोजगार मेले के आयोजन के साथ ही हितग्राही मूलक योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हित लाभ वितरित किये जायेंगे। इसके अलावा विकास कार्यों का शिलान्यास/लोकार्पण भी मुख्यमंत्री जी करेंगे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *