आशा कार्यकर्ताओं के रिक्त पद शीघ्र भरें, स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाना प्राथमिकता – उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल

आशा कार्यकर्ताओं के रिक्त पद शीघ्र भरें, स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाना प्राथमिकता – उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने तथा एनीमिया, टीबी और सिकल सेल उन्मूलन के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश 48 नए चिकित्सकों में से 26 ने किया कार्यभार ग्रहण, अनुपस्थित चिकित्सकों को शीघ्र ज्वाइन कराने के निर्देश

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं शहडोल जिले के प्रभारी मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने और शासन की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने, गर्भवती माताओं एवं बच्चों की देखभाल में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए आशा कार्यकर्ताओं के सभी रिक्त पद शीघ्र भरे जाएं। उन्होंने गर्भवती माताओं का समय पर पंजीयन तथा उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की विशेष निगरानी कर सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एनीमिया मुक्त भारत, टीबी मुक्त भारत तथा सिकल सेल मुक्त भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए विशेष प्रयास करने तथा मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के निर्देश दिए। गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत घर-घर संपर्क कर डायबिटीज, उच्च रक्तचाप एवं कैंसर सहित निर्धारित बीमारियों की शत-प्रतिशत जांच सुनिश्चित करने को कहा। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में 124 प्रकार की दवाइयों एवं 65 प्रकार की जांच की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने चिकित्सकों को मरीजों के प्रति संवेदनशीलता और आत्मीयता के साथ व्यवहार करने तथा बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज शहडोल में विश्व बैंक के सहयोग से अत्याधुनिक ए-रिफेसर मशीन उपलब्ध कराई गई है। जिले में उपलब्ध कराए गए 48 नए चिकित्सकों में से 26 ने कार्यभार ग्रहण किया है, जबकि 10 चिकित्सक अनुपस्थित हैं। उन्होंने अनुपस्थित चिकित्सकों से संपर्क कर शीघ्र कार्यभार ग्रहण कराने तथा चिकित्सालयों में दवाइयों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवी संस्थाओं से स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में सहयोग करने तथा कुपोषित बच्चों को गोद लेकर उनके स्वास्थ्य एवं बेहतर भविष्य के लिए सहभागिता निभाने की अपील की। बैठक में मेडिकल कॉलेज में सीटों की संख्या बढ़ाने सहित स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से जुड़े सुझाव भी प्रस्तुत किए गए। उप मुख्यमंत्री ने इन सुझावों पर आवश्यक कार्यवाही करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार के लिए समन्वित प्रयास करने पर जोर दिया। बैठक में सांसद सीधी लोकसभा क्षेत्र डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक श्री जयसिंह मरावी, श्रीमती मनीषा सिंह, जिला योजना समिति की सदस्य श्रीमती अमिता चपरा, जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य, कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल, सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, वनमंडलाधिकारी श्रीमती श्रद्धा पेंडे एवं श्रीमती तरुणा वर्मा, एसडीएम सोहागपुर श्रीमती अमृता गर्ग, डीन मेडिकल कॉलेज डॉ. गिरीश रामटेके, अधीक्षक डॉ. नागेन्द्र सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा, सिविल सर्जन डॉ. शिल्पा सराफ, बीएमओ सहित अन्य चिकित्सक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *