चोरहटा के बाबूपुर स्थित रानी तालाब और मंदिर परिसर का होगा कायाकल्प – उप मुख्यमंत्री

चोरहटा के बाबूपुर स्थित रानी तालाब और मंदिर परिसर का होगा कायाकल्प – उप मुख्यमंत्री
उप मुख्यमंत्री ने विकास कार्य की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश, सुनीं जनसमस्याएं
रीवा 13 नवंबर 2026. उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने चोरहटा के बाबूपुर वार्ड क्रमांक 5 में स्थित
प्राचीन रानी तालाब एवं मंदिर परिसर में होने वाले सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों का अवलोकन कर समीक्षा की और
आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री ने रानी तालाब और मंदिर परिसर के विकास के संबंध में स्थानीय नागरिकों के
साथ कर चर्चा कर अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तालाब की मेढ़ के किनारों पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण
कराएं ताकि हरियाली और सुंदरता में वृद्धि हो। परिसर में मॉर्निंग वॉक और लोगों के टहलने के लिए सुंदर पाथवे का
निर्माण कराएं तथा आवश्यकतानुसार परिसर में पेवर ब्लॉक लगाएं। परिसर की सुरक्षा और संरक्षण के लिए उचित स्थानों
पर फेंसिंग का कार्य कराएं। आदिवासी बस्ती के पास विशेष रूप से वृक्षारोपण कराएं। इसके साथ-साथ मंदिर परिसर की
लगभग चार एकड़ भूमि पर भी बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण एवं सौंदर्यीकरण के कार्य कराएं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों को गति देने के लिए संबंधित भूमि स्वामियों से सहमति प्राप्त
कर दान-पत्र की कार्रवाई पूरी कराएं ताकि पारदर्शी तरीके से जल्द से जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा सके। हर छोटी-छोटी
बाधाओं को दूर कर इस परिसर को शहर में विकसित किये गए अन्य तालाबों जैसा बनाने का कार्य करें। उप मुख्यमंत्री ने
मौके पर मौजूद नागरिकों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। स्थानीयजनों द्वारा विकास, साफ-सफाई और अन्य
बुनियादी सुविधाओं से संबंधित दिए गए आवेदन पत्रों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित
अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का यथोचित और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें। उप मुख्यमंत्री ने
प्राचीन मड़फेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त कर प्रदेश
एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी
संख्या में गणमान्य नागरिक व स्थानीयजन उपस्थित रहे।