कमिश्नर ने किया रायपुर कर्चुलियान के सीएम राइज स्कूल का आकस्मिक निरीक्षण

कमिश्नर ने किया रायपुर कर्चुलियान के सीएम राइज स्कूल का आकस्मिक निरीक्षण

स्कूल के सभी निर्माणाधीन कार्यों की कमियों को जल्द से जल्द ठीक करने के दिए निर्देश

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का ध्यान न रखने पर नाराजगी भी व्यक्त की

शिक्षकों द्वारा प्रतिदिन किये जा रहे नवाचारों की सराहना की

 

रीवा 22 अक्टूबर 2026. रीवा संभाग के कमिश्नर श्री शीलेंद्र सिंह गुरुवार को रायपुर कर्चुलियान के सीएम राइज स्कूल/सांदीपनि स्कूल का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्कूल के सभी निर्माणाधीन कार्यों की कमियों को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए साथ ही उन्होंने सभी निर्माण कार्यों में क्वालिटी कंट्रोल का ध्यान रखने के निर्देश दिए। मौके पर ही उन्होंने स्कूल की कक्षा के ब्लैक बोर्ड, बाउंड्री वॉल, वॉशरूम, स्टाफ कक्ष का निरीक्षण किया और इन निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का ध्यान न रखने पर ठेकेदार के प्रति सख्त नाराज़गी भी व्यक्त की। इस दौरान कमिश्नर ने प्रतिदिन शिक्षकों द्वारा किए जा रहे नवाचारों को जाना एवं शिक्षकों द्वारा साझा किए गए नवाचारों की सराहना की।

 

कमिश्नर ने रायपुर कर्चुलियान में 32 करोड़ की लागत से बनाए गए सीएम राइज स्कूल का निरीक्षण किया। स्कूल में अभी भी कई निर्माण कार्य प्रारंभ हैं और इसके चलते अभी स्कूल को हैंडओवर भी नहीं किया गया है। सीएम राइज स्कूल में कक्षा 1 से लेकर कक्षा 12 तक की क्लास संचालित की जा रही है। कमिश्नर ने स्कूल के निरीक्षण के दौरान स्कूल की ड्राइंग एवं डिजाइन का अवलोकन किया और इस बात पर सख्त नाराजगी व्यक्त की कि स्कूल का निर्माण कार्य जो 2024 में पूर्ण होना था लेकिन इसका निर्माण कार्य अभी भी शत-प्रतिशत पूरा नहीं हुआ है। अभी भी बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य अधूरा है। मल्टीपरपज हाल एवं असेंबली हाल, स्टूडेंट साइकिल पार्किंग, शिक्षकों की वाहन पार्किंग का निर्माण कार्य आधा अधूरा है। कमिश्नर ने इस बात पर सख्त नाराजगी व्यक्त की और निर्देश दिए कि मल्टीपरपज हाल, असेंबली एरिया, बगीचे का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए। साथ ही उन्होंने बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य भी पूरा करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने पुराने स्कूल भवन को 10 दिन में डिस्मेंटल करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने संबंधित निर्माण ठेकेदार को निर्देश दिए कि वह जनवरी 2027 तक सीएम राइज स्कूल के अधूरे सभी निर्माण कार्य को पूरा कर इसे संबंधित विभाग को हैंडओवर करें। कमिश्नर ने कहा कि एक अलग टीम लगाकर निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए।

 

कमिश्नर ने निरीक्षण के दौरान पाया कि ब्लैक बोर्ड सामान्य से अधिक ऊंचाई पर बनाए गए हैं जिससे शिक्षकों को ब्लैक बोर्ड में लिखने में दिक्कत होती है, उन्होंने सभी कक्षा के ब्लैक बोर्ड को समान ऊंचाई पर बनाने के निर्देश दिए ताकि शिक्षक ब्लैक बोर्ड में आसानी से लिख सकें। कमिश्नर ने महिला शिक्षक स्टाफ रूम का निरीक्षण किया और इस दौरान महिला शिक्षकों के वॉशरूम के लिए पृथक से व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने सख्त हिदायत दी कि यदि संबंधित ठेकेदार निर्माण कार्य को जल्दी पूरा नहीं करेंगे तो उनका पेमेंट रोक दिया जाएगा। कमिश्नर ने सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मेंटेन करने के भी निर्देश दिए। कमिश्नर ने निरीक्षण के दौरान स्कूल की कक्षाओं के दरवाजों में हैंडल लगाने के निर्देश दिए ताकि दरवाजे को खोलने और बंद करने में बच्चों को कोई कठिनाई न हो। कमिश्नर ने स्कूल के बरामदे एवं अंदर के फर्श की पुनः फिनिशिंग करने के निर्देश दिए और कहा इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि बारिश के दौरान फर्श में पानी इकट्ठा न होने पाए, इसके लिए अभी से सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित किए जाएं।

 

निरीक्षण के दौरान शिक्षकों ने कमिश्नर को अवगत कराया की स्कूल में सीसीटीवी कैमरे, फर्नीचर, वाहन पार्किंग के लिए शेड की तत्काल आवश्यकता है। कमिश्नर ने संबंधित ठेकेदार को उक्त सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने निरीक्षण के दौरान वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, ट्यूबवेल, गर्ल्स एवं बॉयज वॉशरूम का निरीक्षण किया। कमिश्नर ने निरीक्षण के दौरान निर्माण ठेकेदार को निर्देश दिए कि गैस सिलेंडर स्कूल के बाहर न रखकर इसे अच्छी तरह कवर करके रखें ताकि किसी भी प्रकार की आकस्मिक दुर्घटना घटित न होने पाए। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने स्कूल में सभी शिक्षकों से आमने-सामने चर्चा की और उन्हें निर्देश दिए कि वह बच्चों को बेहतर से बेहतर शिक्षा प्रदान करें। कमिश्नर ने कहा कि यदि शिक्षक अपनी पूरी क्षमता से बच्चों को पढ़ाएंगे तो यही बच्चे आने वाले समय में देश के भविष्य का निर्माण करेंगे। कमिश्नर ने कहा कि सभी शिक्षक बच्चों को अपने परिवार के सदस्य की तरह समझ कर विद्या अध्ययन कराएं और देश की प्रगति में अपना योगदान दें।

 

कमिश्नर ने शिक्षकों से चर्चा की, इस दौरान शिक्षकों ने बताया कि प्रतिदिन वे नवाचार करते हैं। शिक्षकों ने अपने नवाचार के संबंध में बताते हुए कहा कि आज उन्होंने बच्चों को जो होमवर्क दिया था, बच्चों ने उसे पूरा करके दिखाया। डायग्राम, इकाई–दहाई, पहाड़ा व्यवसायिक शिक्षा आदि के संबंध में बच्चों ने आज कार्य करके दिखाया। निरीक्षण के दौरान पीआईयू की एसडीओ मानसी सिंह एवं श्री वैभव मिश्रा, स्कूल के प्राचार्य श्री वरूणेन्द्र प्रताप सिंह एवं संबंधित विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *