उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल का किया औचक निरीक्षण
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल का किया औचक निरीक्षण
मरीजों का जाना हाल-चाल, स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने दिए सख्त निर्देश
रीवा 20 अक्टूबर 2026 मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने गत दिवस सोमवार को सुपर स्पेशिलिटी
अस्पताल रीवा का औचक दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों में
जाकर भर्ती मरीजों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य तथा मिल रहे इलाज के संबंध में
कुशलक्षेम जाना।
उप मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर, आईसीयू वार्ड, ओपीडी एवं आपातकालीन सेवाओं की स्थिति का बारीकी से
निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर यह जाना कि उन्हें समय पर दवाएं, भोजन और
समुचित चिकित्सकीय परामर्श मिल रहा है या नहीं। मरीजों ने अस्पताल में मिल रही सुविधाओं पर संतोष व्यक्त
किया।
निरीक्षण के उपरांत उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों को निर्देश दिए कि दूर-दराज
के ग्रामीण अंचलों से आने वाले गंभीर मरीजों को बिना किसी विलंब के तत्काल और गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध
कराया जाए। अस्पताल में सभी आवश्यक एवं जीवनरक्षक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें, ताकि मरीजों या उनके
परिजनों को बाहर से दवाएं न खरीदनी पड़ें। अस्पताल परिसर, वार्डों एवं शौचालय व्यवस्था में सर्वोच्च स्तर की
साफ-सफाई बनाए रखने के उप मुख्यमंत्री ने कड़े निर्देश दिए गए। श्री शुक्ल ने डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ को
मरीजों और उनके परिजनों के प्रति संवेदनशील, सहयोगात्मक और व्यवहार कुशल रहने की हिदायत दी गई तथा
अस्पताल के आधुनिक चिकित्सा उपकरणों के नियमित रखरखाव और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने को कहा
गया।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की
जाएगी। सरकार का मुख्य ध्येय विंध्य क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक विश्वस्तरीय और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना
है।
निरीक्षण के के दौरान वरिष्ठ चिकित्सक, जिला प्रशासन के अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।