उप मुख्यमंत्री ने सेवा ज्योति यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की

उप मुख्यमंत्री ने सेवा ज्योति यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की
सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन आज
रीवा 06 अक्टूबर 2026. प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेवा
संकल्प अभियान के तहत सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम का आयोजन 7 अक्टूबर को एनसीसी ग्राउण्ड में आयोजित किया
जाएगा। इस कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के लिए सर्किट हाउस रीवा में बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप
मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम की तैयारियों
की समीक्षा की। बैठक में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों के बेमिसाल जनसेवा सफर को समर्पित इस
अभियान के तहत सेवा ज्योति यात्रा में शासकीय योजनाओं एवं उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। कलश एवं कृत्रिम
मशाल के साथ जन जागरूकता का संदेश दिया जाएगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी इस कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित
करेंगे। जिले भर में विभिन्न भव्य एवं जन-कल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत
'विकसित भारत सभा', भव्य 'पदयात्रा' एवं अन्य सामाजिक व सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अधिकारी और
जनप्रतिनिधि आपसी समन्वय से सभी कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराएं ताकि आम जनता की अधिकतम
भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात, मंच व्यवस्था और जन-सुविधाओं
से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में रीवा संभाग प्रभारी श्री विजय दुबे, जिला
प्रभारी श्री रविंद्र चौहान, जिलाध्यक्ष श्री वीरेंद्र गुप्ता, गुढ़ विधायक श्री नागेंद्र सिंह, त्योंथर विधायक श्री सिद्धार्थ तिवारी,
मनगवां विधायक श्री नरेंद्र प्रजापति, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, विंध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री
पंचूलाल प्रजापति एवं रीवा नगर निगम अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय, प्रभारी कलेक्टर सृष्टि देशमुख गौड़ा उपस्थित रहीं।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *