आमरण अनशन पर बैठे परिजनों से मिले कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक

आमरण अनशन पर बैठे परिजनों से मिले कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक
स्वास्थ्य परीक्षण कराने का किया अनुरोध,  दिया निष्पक्ष जांच का भरोसा

रीवा 08 सितंबर 2026. संजय गांधी अस्पताल में इलाज के दौरान कल्पना मिश्रा की हुई दुखद मौत के मामले में दोषी डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग को लेकर सिरमौर चौराहे पर आमरण अनशन पर बैठे मृतका के पिता श्री राम शिरोमणि मिश्रा से मिलने कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और पुलिस अधीक्षक गुरकरन सिंह खुद मौके पर पहुंचे। वरिष्ठ अधिकारियों ने पीड़ित पिता से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उन्हें निष्पक्ष न्याय का पूरा भरोसा दिलाया।
अनशन स्थल पर पहुंचे कलेक्टर ने श्री राम शिरोमणि मिश्रा के स्वास्थ्य का हाल जाना और उनसे अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराने का विनम्र अनुरोध किया। कलेक्टर ने कहा कि शासन और प्रशासन को उनके गिरते स्वास्थ्य की पूरी चिंता है। पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए उन्होंने कहा कि बेटी कल्पना का असमय जाना अत्यंत दुखद है और सरकार इस कठिन समय में पूरी तरह से पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पूरे मामले में पारदर्शिता के साथ जांच कराई जा रही है। इस दौरान अनशन स्थल पर अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि बीते 26 अगस्त को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराई गई श्रीमती कल्पना मिश्रा की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी। परिजनों ने इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। दोषी डॉक्टरों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर मृतका के पिता श्री राम शिरोमणि मिश्रा सिरमौर चौराहे पर आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं।
इस प्रकरण में उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर अब तक की गई कार्यवाही में उच्च स्तरीय जाँच समिति का गठन कर मजिस्ट्रीयल जाँच के आदेश दिए गए हैं। इसके अलावा आर्थिक सहायता स्वीकृत कराई गई है। वहीं अधीक्षक और डीन हटा दिए गए हैं। इसके अलावा दो नर्सिंग ऑफिसर तथा दो चिकित्सक निलंबित किये गए हैं।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *