मैदानी अमला हर माह किसानों के 500 फार्मर आईडी बनाए – कलेक्टर

मैदानी अमला हर माह किसानों के 500 फार्मर आईडी बनाए – कलेक्टर
अमानक खाद और बीज बेचने वालों के लायसेंस निरस्त करें – कलेक्टर

रीवा 03 सितम्बर 2026. कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कृषि आदान की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि आगामी फसल के लिए खाद का भण्डारण लगातार कराएं। धान की फसल के लिए भी यूरिया की आवश्यकता होगी। इसकी नियमित रैक से आवश्यक मात्रा में खाद की आपूर्ति कराएं। खाद और बीज के नियमित नमूने लेकर सात दिवस में जाँच कराएं। नमूने अमानक पाए जाने पर संबंधित विक्रेता का लायसेंस निरस्त करें। किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ने तथा श्री अन्न के उत्पादन के लिए प्रेरित करें। ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी तथा अन्य मैदानी अमला हर माह कम से कम 500 फार्मर आईडी बनवाएं।
कलेक्टर ने कहा कि उद्यानिकी विभाग के कार्यों की प्रगति संतोषजनक नहीं है। फल क्षेत्र विस्तार, मसाला क्षेत्र विस्तार तथा पुष्प क्षेत्र विस्तार के निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति कराएं। कई प्रगतिशील किसान आधुनिक तरीके से उद्यानिकी फसल ले रहे हैं। जिले के फल, सब्जी और मसाला उत्पादक क्षेत्रों को गिरदावरी में उद्यानिकी फसल के रूप में दर्ज कराएं। विभागीय पोर्टल एक माह से तकनीकी कारणों से बंद है। इसे शुरू कराने के लिए वरिष्ठ कार्यालयों से संपर्क करें। कलेक्टर ने सहायक संचालक उद्यानिकी तथा आरएचईओ एवं उद्यान निरीक्षकों के विरूद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सहायक संचालक तथा तीन अन्य अधिकारियों के विरूद्ध विभागीय जाँच एवं शेष को वेतनवृद्धि रोकने का नोटिस देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने मछलीपालन विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि मत्स्य बीज उत्पादन निर्धारित लक्ष्य के अनुसार करें। नगरीय निकायों में 16 स्मार्ट फिश पार्लर का निर्माण स्वीकृत हुआ है। इनमें से 9 स्थानों पर निर्माण कार्य पूरा हो गया है। निर्माण कार्य पूरा न कराने वाले सीएमओ तथा सहायक मछलीपालन अधिकारियों को नोटिस दें।
बैठक में कलेक्टर ने उप संचालक पशुपालन को पशुओं के टीकाकरण तथा उपचार के लिए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में शिविर लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि पशुओं के टीकाकरण का जिले भर में अभियान चलाएं। सड़कों पर विचरण करने वाले गौवंश को गौशालाओं में व्यवस्थित कराएं। पशुपालकों के किसान क्रेडिट कार्ड बनाने की प्रगति संतोषजनक नहीं है। पशु चिकित्सा अधिकारियों के विरूद्ध कार्रवाई करें। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, उप संचालक कृषि यूपी बागरी, उप संचालक पशुपालन डॉ. योगेन्द्र प्रताप सिंह, सहायक संचालक उद्यानिकी दीक्षा चौरे तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *