कलेक्टर ने शहर में जल भराव का लिया जायजा

कलेक्टर ने शहर में जल भराव का लिया जायजा
जल निकासी के लिए लगातार किए जा रहे हैं प्रयास – कलेक्टर

रीवा 29 अगस्त 2026. कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने रीवा शहर के कई वार्डो का भ्रमण करके लगातार 2 घंटे से हो रही बारिश से उत्पन्न जल भराव का जायजा लिया। कलेक्टर ने वार्ड क्रमांक 2, वार्ड क्रमांक 10, वार्ड क्रमांक 15 का भ्रमण किया। भ्रमण के समय आयुक्त नगर निगम अक्षत जैन तथा एसडीएम अनुराग तिवारी एवं तहसीलदार अनुपम पाण्डेय उनके साथ रहे।

कलेक्टर ने वार्ड क्रमांक 2 में रेलवे लाइन के पास जल भराव का अवलोकन किया। उन्होंने जल भराव से प्रभावित लोगों से चर्चा करते हुए कहा कि पानी की निकासी के लिए रेलवे को निर्देश दिए गए हैं। रेलवे द्वारा शीघ्र ही कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने आयुक्त नगर निगम को भी नालियों की सफाई करा कर जल निकासी के समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिए। इसके बाद कलेक्टर ने वार्ड क्रमांक 15 का भ्रमण किया। गणेश नेत्र चिकित्सालय के पास हुए जल भराव के संबंध में उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए। मौके पर उपस्थित नगर निगम आयुक्त ने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा चार स्थानों पर मॉडल रोड से पानी को दूसरी ओर ले जाने के लिए पुलियों के निर्माण कार्य का टेंडर जारी कर दिया गया है।बारिश कम होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि जिन स्थानों पर अवैध निर्माण के कारण जल भराव हो रहा है वहां नगर निगम कार्रवाई करके अतिक्रमण हटाए और जल निकासी की समुचित व्यवस्था करें। जल भराव से पीड़ितों से चर्चा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि जिन स्थानों में जल भराव हुआ है वहां मौसम खुलने के बाद पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था की जाएगी ।इसके लिए नगर निगम पूरी तैयारी कर रहा है। जल भराव से हुई हानि का सर्वे किया जा रहा है पीड़ितों को उचित राहत राशि भी दी जाएगी।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *