शहर में 15 राहत शिविरों में दिया जा रहा बाढ़ पीडितों को आश्रय

शहर में 15 राहत शिविरों में दिया जा रहा बाढ़ पीडितों को आश्रय
रीवा 22 अगस्त 2026. रीवा नगर निगम क्षेत्र में बाढ़ से प्रभावित लोगों को आश्रय देने के लिए 15 राहत शिविर बनाये गये हैं। इन शिविरों में 1190 बाढ़ पीड़ितों को आश्रय दिया गया है। प्रत्येक शिविर के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी के रूप में तैनात किया गया है। नगर निगम द्वारा सभी राहत शिविरों में स्वयंसेवी संस्थान के सहयोग से भोजन, पानी, बिजली और दवाओं की नि:शुल्क व्यवस्था की गई है। बीहर नदी का जल स्तर में घटने से शहर के अधिकांश मोहल्लों से जलभराव की समस्या धीरे-धीरे समाप्त हो रही है। इस संबंध में आयुक्त नगर निगम अक्षत जैन ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में जोन क्रमांक एक में दोही स्कूल, आयुर्वेदिक कालेज, एजी कालेज में राहत शिविर बनाया गया है। जोन क्रमांक 2 में टीआरएस कालेज, मार्तण्ड स्कूल क्रमांक एक, मार्तण्ड क्रमांक 3, न्यू साइंस कालेज, सरस्वती स्कूल निराला नगर तथा मानस भवन में शिविर बनाये गये हैं। जोन क्रमांक तीन में सामुदायिक भवन वार्ड क्रमांक 13 तथा पीके स्कूल तथा जोन क्रमांक 4 में गवर्मेंट स्कूल क्रमांक एक, गवर्मेंट स्कूल क्रमांक 2 तथा मूखबधिर विद्यालय में राहत शिविर बनाये गये हैं। इनमें से केवल 10 शिविरों में ही बाढ़ पीड़ितों ने आश्रय लिया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रतिदिन बाढ़ पीड़ितों की स्वास्थ्य की जांच कर रही है। एसडीएम हुजूर अनुराग तिवारी ने टीआरएस कालेज में बनाये गये राहत शिविर का मेडिकल टीम के साथ भ्रमण किया। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को दी जा रही सहुलियत की जानकारी दी। नायब तहसीलदार बैकुण्ठपुर तेजपति सिंह ने नगर परिषद बैकुण्ठपुर में पुलिस बल के साथ जल निकासी की व्यवस्था कराई। कार्यपालन यंत्री लोकनिर्माण विभाग नितिन पटेल ने बैकुण्ठपुर और लालपुर के बीच बाढ़ से क्षतिग्रस्त रोड की मौके पर जाकर मरम्मत कराई। अब रोड से आवागमन शुरू हो गया है।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *