तय कीमत से अधिक दर पर खाद बेचने वाले वालों के विरुध की जाएगी प्रभावशील कार्रवाई

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में जिन विभागों का प्रदर्शन खराब है उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी – कमिश्नर श्री शीलेंद्र सिंह
तय कीमत से अधिक दर पर खाद बेचने वाले वालों के विरुध की जाएगी प्रभावशील कार्रवाई
सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण में रुचि न लेने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी
कमिश्नर ने हर ग्राम पंचायत में दुग्ध उत्पादन समिति बनाने के निर्देश दिए
रीवा 11 अगस्त 2026. रीवा संभाग कमिश्नर श्री शीलेंद्र सिंह ने कहा कि 7 अगस्त से प्रारंभ हुए मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में जिन विभागों का प्राप्त प्रकरणों के निराकरण में खराब प्रदर्शन है उन विभाग के अधिकारियों के विरुद्ध कारवाई की जाएगी। कमिश्नर ने निर्देश दिए की सभी अधिकारी सोमवार से शुक्रवार तक प्राप्त प्रकरणों एवं समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता से करें। भ्रमण के दौरान प्राप्त प्रकरण एवं पहले से प्राप्त शिकायत का निराकरण समय सीमा में सुनिश्चित किया जाए। सभी संभागीय अधिकारी अपने अधीनस्थ जिला अधिकारी को प्रकरणों के निराकरण में रुचि लेने को कहें, मुख्यमंत्री जन विश्वास एवं सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण में रुचि न लेने वाले अधिकारियों के विरुध प्रभावशील कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। कमिश्नर ने नगरीय आवास विभाग द्वारा सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण में रुचि न लेने पर संयुक्त संचालक नगरीय आवास विभाग को स्पष्टीकरण पत्र जारी करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने संभागीय समय सीमा की बैठक में जिला खाद एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि वे खाद की कालाबाजारी को प्रभावशील तरीके से रोकें, साथ ही शासन द्वारा तय खाद की कीमत से अधिक दर पर खाद बेचने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। कमिश्नर ने संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं को निर्देश दिए कि वह हर ग्राम पंचायत में दुग्ध उत्पादन समितियां बनाना सुनिश्चित करें। कमिश्नर ने कहा कि दुग्ध उत्पादन समिति बनने के बाद रूट का निर्धारण भी कर लिया जाएगा।
कमिश्नर ने 100 से अधिक दिवस की सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन मैं प्राप्त प्रकरणों का निराकरण संतुष्टिपूर्वक कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने पुलिस विभाग, ऊर्जा विभाग, पीएचई नगरीय आवास विभाग आदि के प्रमुख अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह अपनी बढ़ती हुई सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का निराकरण अधिक मेहनत कर निराकृत करें। कमिश्नर ने कहा कि 100 दिवस से अधिक की शिकायत यदि निराकृत नहीं हुई और बढ़ती हुई शिकायत की संख्या को देखते हुए संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। कमिश्नर ने सभी संभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह अपने अधीनस्थ विकासखंड स्तरीय अधिकारियों तक यह मैसेज पहुंचाएं कि यदि उनके क्षेत्र में मुख्यमंत्री जन विश्वास का कार्यक्रम आयोजित नहीं हो रहा है तो भी वे इस दिन अपने क्षेत्र का भ्रमण करें और भ्रमण के दौरान प्राप्त शिकायत एवं समस्याओं का निराकरण करें। कमिश्नर ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास कार्यक्रम को सभी अधिकारी गंभीरता से लें। कमिश्नर ने कहा कि लोक सेवा गारंटी में प्राप्त कई विभाग की समस्या एवं शिकायत समय सीमा से बाहर हो चुकी है। कई अधिकारियों ने समय सीमा में प्रकरणों का निराकरण नहीं किया है। कमिश्नर ने कहा कि यह क्षम्य नहीं है। सभी अधिकारियों की जवाब देही तय की जाएगी।
कमिश्नर ने स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे गर्भवती महिलाओं की एएनसी चेकअप के लिए शिविरों की संख्या बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि जिन जिलों में इस सप्ताह शिविर नहीं लगे हैं वहां पर शिविर लगाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिविर में सभी गर्भवती महिलाओं की जांच अनिवार्य रूप से करके जांच रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड की जाए। कमिश्नर ने कहा कि किसी भी स्थिति में गर्भवती महिलाओं की घर पर डिलीवरी न कराई जाए। सभी गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में ही कराई जाए। कमिश्नर ने स्कूल शिक्षा विभाग की योजनाएं एवं कार्यो की समीक्षा करते हुए संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि वह अब तक संभाग में प्राप्त पाठ्य पुस्तकों का शत-प्रतिशत वितरण छात्र-छात्राओं को करा दें। कमिश्नर ने कहा कि किसी भी स्थिति में पाठ्य पुस्तकें ऑफिस या गोदाम में नहीं दिखनी चाहिए। सभी पाठ्य पुस्तके विद्यार्थियों तक पहुंचनी चाहिए। इस कार्य में लापरवाही बरतने पर बीआरसी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अपार आईडी और नामांकन के संबंध में आवश्यक जानकारी ली और निर्देश दिए की शिक्षा विभाग सभी जिलों मे जेईई और नीट परीक्षाओं के प्रश्न पत्र तैयार कर प्रश्न बैंक बनाएं और प्रश्न बैंक सभी स्कूलों तक पहुंचाएं। कमिश्नर ने बारिश के मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया की संभावित एवं प्रभावी रोकथाम करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने उप संचालक कृषि को निर्देश दिए कि वे जिले के किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड बनाकर दें, साथ ही सभी किसानों को फसल बीमा कराने के लिए प्रेरित करें। कमिश्नर ने जिला नागरिक आपूर्ति विभाग एवं खाद एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह 15 अगस्त तक सभी समितियों में राशन पहुंचाना सुनिश्चित करें, साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि खराब क्वालिटी का गेहूं किसी भी स्थिति में न खरीदा जाए।
बैठक में संयुक्त संचालक उच्च शिक्षा विभाग ने बताया कि संभाग के सभी जिलों के महाविद्यालयों में हेल्पडेस्क बनाया गया है, जहां पर विद्यार्थियों के छात्रवृत्ति एवं अन्य शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाएगा। कमिश्नर ने नल-जल योजना की समीक्षा करते हुए अधीक्षण यंत्री पीएचई को निर्देश दिए कि प्रति सप्ताह अधिक से अधिक नल-जल कनेक्शन स्थापित किए जाएं। गत सप्ताह किए गए नल-जल कनेक्शन की स्थिति पर कमिश्नर ने असंतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि नल-जल कनेक्शन का कार्य तेज गति से किया जाए। उन्होंने संयुक्त संचालक मत्स्य विभाग को निर्देश दिए कि वह मछली का शीड प्रोडक्शन बढ़ाएं। बताया गया कि मत्स्य पालन के इच्छुक 150 स्वसहायता समूहों को चिन्हित किया गया है, जो अमृत सरोवरों में शीड डालकर मत्स्य पालन कर अपनी आजीविका मे वृद्धि करेंगे । जिला आयुष अधिकारी ने बताया कि आयुष आपके द्वारा अभियान के तहत अब तक 8 हजार 934 मरीजो को दवा का वितरण किया गया है। पेंशन प्रकरण की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए की जो अधिकारी एवं कर्मचारी सेवानिवृत्त हो चुके हैं लेकिन अब तक उन्हें किसी कारणवश पेंशन या ग्रेच्युटी का लाभ नहीं मिला है ऐसे सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचाररियों के प्रकरण सभी संबंधित अधिकारी प्राथमिकता से निराकृत करना सुनिश्चित करें। समय सीमा बैठक में संयुक्त आयुक्त श्री वीरेंद्र पटेल, डिप्टी कमिश्नर राजस्व श्री एल एल अहिरवार, डिप्टी कमिश्नर श्रीमती दिव्या त्रिपाठी सहित सभी संबंधित संभागीय अधिकारी गण उपस्थित रहे ।