हरी झंडी दिखाकर फसल बीमा रथ को किया गया रवाना

हरी झंडी दिखाकर फसल बीमा रथ को किया गया रवाना
रीवा 04 अगस्त 2026. खरीफ सीजन 2026-27 में किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर से फसल बीमा रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस रथ को उप संचालक कृषि यूपी बागरी तथा उप संचालक पशुपालन डॉ. योगेन्द्र सिंह ने हरी झण्डी दिखाई। यह रथ जिले के ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर किसानों को फसल बीमा कराने के लिए प्रोत्साहित करेगा। इस संबंध में उप संचालक कृषि ने बताया कि फसल बीमा रथ जिले के सभी हल्कों का भ्रमण कर किसानों को योजना की जानकारी देगा तथा फसल बीमा के प्रति जागरूक करेगा। कृषि विभाग ने बताया कि खरीफ मौसम 2026 के लिए किसानों को 17 अगस्त तक धान की फसल का बीमा कराने का अवसर दिया गया है। योजना के तहत अलनीनो सहित सूखा, अतिवृष्टि, बाढ़, ओलावृष्टि, प्राकृतिक आपदाओं एवं कीट प्रकोप से फसल को होने वाले नुकसान की स्थिति में किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम में एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी के जिला प्रबंधक भूपेन्द्र सेन सहित फसल बीमा विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।
उप संचालक ने बताया कि फसल बीमा में सिंचित धान के लिए प्रति हेक्टेयर 44 हजार 300 रुपये की बीमित राशि निर्धारित की गई है, जिस पर किसान को केवल दो प्रतिशत यनि 886 रुपये प्रीमियम देना होगा। वहीं वर्षा आधारित धान के लिए 31 हजार 600 रुपये प्रति हेक्टेयर की बीमित राशि पर मात्र 632 रुपये प्रति हेक्टेयर प्रीमियम निर्धारित किया गया है। ऋणी किसान अपने संबंधित बैंक अथवा पैक्स के माध्यम से बीमा करा सकते हैं, जबकि गैर-ऋणी किसानों को आधार कार्ड, बैंक पासबुक, भूमि संबंधी दस्तावेज (खसरा, बी-1 अथवा पटवारी प्रतिवेदन) तथा आवश्यक होने पर स्व-घोषणा पत्र प्रस्तुत करना होगा। किसान अधिक जानकारी के लिए कृषि विभाग, कृषि विस्तार अधिकारी, बैंक, पैक्स या कॉमन सर्विस सेंटर फसल बीमा कंपनी के जिला तहसील प्रतिनिधियों से संपर्क कर सकते हैं।