
भारतीय रेडक्रास समिति की वार्षिक सामान्य सभा की बैठक संपन्न
रेडक्रास समिति का पीड़ितों के लिए सेवाभाव अनुकरणीय है – कलेक्टर
रेडक्रास समिति के आर्थिक स्रोत बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास होंगे – कलेक्टर
रीवा 30 जुलाई 2026. कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी की अध्यक्षता में भारतीय रेडक्रास समिति रीवा की वार्षिक सामान्य सभा की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर ने कहा कि रेडक्रास समिति रीवा पिछले कई वर्षों से लगातार उत्कृष्ट कार्य कर रही है। समिति के सदस्यों की गंभीरता और शांत मन से कार्य करने का उत्साह प्रेरक है। रेडक्रास समिति का पीड़ितों के लिए लगातार सेवाभाव सबके लिए अनुकरणीय है। समिति के आर्थिक स्रोत बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उद्योगों के सीएसआर मद, खनिज मद तथा अन्य मदों से पीड़ितों की सेवा के लिए राशि उपलब्ध कराई जाएगी। गरीबों, लाचारों और दिव्यांगों की सेवा ईश्वर की पूजा के समान है। समिति को दूरस्थ और पिछड़े क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर लगाने के लिए पूरा सहयोग दिया जाएगा। स्वागत भवन में संचालित लोक निर्माण विभाग कार्यालय खाली कराकर शीघ्र ही वृद्धाश्रम को सौंपा जाएगा। बैठक में समिति के सदस्य पूर्व मंत्री श्री पुष्पराज सिंह ने कहा कि समिति के सदस्य व्हाट्सएप ग्रुप, सोशल मीडिया के अन्य प्लेटफार्म बनाकर एक-दूसरे से जुड़ें तथा समिति के कार्यों का प्रचार-प्रसार कराएं। उन्होंने करियाझर में शिविर के आयोजन का सुझाव दिया।
बैठक में समिति के चेयरमैन डॉ. प्रभाकर चतुर्वेदी ने कहा कि रीवा भारतीय रेडक्रास समिति की शुरूआत डॉ. सज्जन सिंह साहब ने की थी। आज 96 वर्ष की आयु में भी सामान्य सभा की बैठक में वे शामिल हुए हैं। समिति को लगातार तीन वर्षों से उत्कृष्ट कार्यों के लिए राज्यपाल महोदय द्वारा सम्मानित किया जा रहा है। समिति ने इस वर्ष कृत्रिम अंग निर्माण की कम्प्यूटराइज्ड इकाई और ब्लड बैंक सेपरेशन यूनिट लगाकर दो बड़ी उपलब्धियाँ हासिल की हैं। कृत्रिम अंग यूनिट से रीवा संभाग ही नहीं आसपास के जिलों और उत्तरप्रदेश के कई जिलों को भी लाभान्वित किया जा रहा है। समिति का तीन वर्ष का कार्यकाल आज पूरा हो रहा है। समिति ने पीड़ितों की सेवा में कोई कोर कसर नहीं रखी। बैठक में समिति के सदस्य श्री केके परौहा ने समिति को एक लाख रुपए की राशि प्रदान की।
बैठक में समिति के सचिव श्री राजेन्द्र पाण्डेय ने गत बैठक का कार्यवाही विवरण तथा वर्तमान वर्ष के लिए प्रस्तावित कार्ययोजना प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि गत वर्ष रक्तदान शिविर से 947 यूनिट रक्त संग्रह करके नि:शुल्क रोगियों को दिया गया। 445 पीड़ितों को निरामय बीमा योजना तथा 3049 दिव्यांगों को कृत्रिम उपकरण प्रदान किए गए। एंबुलेंस, नि:शुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर, लीगल गार्जियनशिप तथा वृद्धाश्रम के माध्यम से भी पीड़ितों की सेवा की गई। बैठक में समिति के कोषाध्यक्ष चार्टड एकाउंटेंट प्रशांत जैन ने बताया कि वर्ष 2025-26 में समिति को 13042318 रुपए की प्राप्ति हुई तथा 10832858 रुपए व्यय हुए। आगामी वर्ष के लिए कुल एक करोड़ 43 लाख रुपए की प्राप्तियों तथा एक करोड़ 19 लाख रुपए व्यय का अनुमान है। समिति के प्रतिवेदन तथा आय-व्यय का सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया। बैठक के शुभारंभ पर रेडक्रास के संस्थापक हेनरी ड्यूनाल्ट तथा माँ सरस्वती को पुष्प अर्पित किए गए। प्रार्थना के बाद सभी ने विश्व शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर प्रार्थना की। बैठक में समिति के आजीवन सदस्य डॉ. सज्जन सिंह, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, उपाध्यक्ष श्री जयंत खन्ना, श्री नारायण डिगवानी, श्री रामायण गौतम, श्री मुकुंद प्रसाद मिश्रा, श्रीमती ममता नरेन्द्र सिंह, उपाध्यक्ष डॉ. एके खान, संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय अनिल दुबे तथा सामान्य सभा के सभी सदस्य उपस्थित रहे।