मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान से जन आकांक्षाएं होंगी पूरी – कलेक्टर

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान से जन आकांक्षाएं होंगी पूरी – कलेक्टर
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के संबंध में अधिकारियों को दिए निर्देश
रीवा 30 जुलाई 2026. कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। यह अभियान शासन की उच्च प्राथमिकता का अभियान है। अभियान के दौरान सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई तथा लोक सेवा गारंटी योजना में लंबित आवेदनों का निराकरण किया जाएगा। अभियान 7 अगस्त से 8 जनवरी तक प्रत्येक शुरूक्रवार को आयोजित होगा। शुक्रवार को किसी भी अधिकारी और कर्मचारी को अवकाश नहीं दिया जाएगा। अभियान के लिए विकासखण्डवार तथा क्लस्टरवार स्थान और दिन निर्धारित कर दिए गए हैं। अभियान की शुरूआत 7 अगस्त को सिरमौर से होगी। इसी तरह रायपुर कर्चुलियान में 14 अगस्त को शिविर लगेगा। जिला और विकासखण्ड स्तर के अधिकारी एक बस से शिविर में जाएंगे। इन दोनों विकासखण्डों में लंबित तथा अन्य शिकायतों की सूची आज ही प्रस्तुत कर दें। इनका संबंधित अधिकारी सात दिन में अनिवार्य रूप से निराकरण कराएं। शिविर में जिला और खण्ड स्तर के सभी अधिकारी उपस्थित रहेंगे। शिविर में शामिल होने के साथ-साथ सभी जिला अधिकारी अपने अधीनस्थ कार्यालयों का निरीक्षण करके प्रतिवेदन देंगे। शिविर के दौरान आसपास के स्कूलों, आंगनवाड़ी केन्द्र, छात्रावास, अस्पतालों, उचित मूल्य दुकानों आदि का भी निरीक्षण होगा। शिविर में जनसंवाद के साथ-साथ उद्योग संवाद का भी आयोजन किया जाएगा। स्वरोजगार तथा उद्यमों की स्थापना से जुड़े विभाग हितग्राहियों से संवाद करके पात्र हितग्राहियों के आवेदन पत्र भरवाएंगे।
कलेक्टर ने कहा कि शिविर में आधार कार्ड, समग्र पंजीयन, फार्मर आईडी बनाने तथा आयुष्मान कार्ड बनाने की भी व्यवस्था रहेगी। संबंधित अधिकारी इसके लिए समुचित प्रबंध करें। प्रत्येक शुक्रवार को सभी अधिकारी क्षेत्र के भ्रमण पर रहेंगे। सभी एसडीएम तथा तहसीलदार सीएम हेल्पलाइन में लंबित राजस्व प्रकरणों की सूची बना लें। इनकी सुनवाई करके सात दिवस में निराकरण करें। सीमांकन, बेदखली तथा नक्शा और खसरा सुधार के आदेशों का शत-प्रतिशत अमल कराएं। अविवादित नामांतरण, अविवादित बंटवारे और सीमांकन के सभी प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें। अभियान के दौरान ग्राम पंचायतों तथा नगरों की साफ-सफाई की भी मानीटरिंग की जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि अभियान की हर सप्ताह समीक्षा होगी। लंबित आवेदनों का निराकरण पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं। इस अभियान के माध्यम से आमजनता की आंकाक्षाएं पूरी होंगी। विकासखण्ड स्तर और ग्राम स्तर पर शासकीय कार्यालयों का डिलेवरी सिस्टम बेहतर होगा। नियमित भ्रमण और मानीटरिंग से शासन की उच्च प्राथमिकता की योजनाओं के परिणाम बेहतर होंगे। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने अभियान से जुड़े प्रमुख बिन्दुओं की जानकारी दी। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, डिप्टी कलेक्टर माइकल तिर्की, डिप्टी कलेक्टर जितेन्द्र तिवारी तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। सभी एसडीएम तथा तहसील और विकासखण्ड स्तर के अधिकारी वीडियो कान्फ्रेंसिंग से बैठक में शामिल हुए।