उप मुख्यमंत्री ने नैकहाई में स्मारक निर्माण का लिया जायजा

उप मुख्यमंत्री ने नैकहाई में स्मारक निर्माण का लिया जायजा

रीवा 17 जुलाई 2026. उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने नैकहाई में शहीदों के स्मारक के जीर्णोद्धार कार्य का जायजा लिया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नैकहाई रीवा ही नहीं पूरे विन्ध्य के लिए शहीदों की शौर्यगाथा का प्रमुखतम स्थान है। यहाँ शहीद हुए वीरों की स्मृति में बनाए गए स्मारकों का जीर्णोद्धार समय सीमा में पूरा कराएं। स्मारक परिसर में पाथवे बनाने, वृक्षारोपण तथा सौन्दर्यीकरण का कार्य तत्काल शुरू कराएं। उप मुख्यमंत्री ने अधीक्षण यंत्री विद्युत मण्डल को निर्माण कार्यों के बीच में आने वाले बिजली के खंभों को शिफ्ट कराने के निर्देश दिए। मौके पर उपस्थित औद्योगिक विकास निगम के क्षेत्रीय संचालक यूके तिवारी तथा निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों ने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी दी।

उप मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों को दी सांत्वना

रीवा 17 जुलाई 2026. उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने वार्ड क्रमांक 36 में श्री कमलेश अग्रवाल के घर जाकर उनके भाई के निधन पर शोक व्यक्त किया। उप मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इसके बाद उप मुख्यमंत्री ने श्री अनिल श्रीवास्तव के वार्ड क्रमांक 31 स्थित निवास पहुंचकर उनके भाई के निधन पर शोक व्यक्त किया। उप मुख्यमंत्री ने दिवंगत के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करके श्रद्धांजलि दी। उप मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। इससे पहले उप मुख्यमंत्री ने अपने निज निवास पर आम जनता की समस्याएं सुनी तथा संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के विस्तार कार्य का किया निरीक्षण

रीवा 17 जुलाई 2026. सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में बिस्तरों की संख्या 400 तक बढ़ाने के लिए इसके विस्तार का कार्य किया जा रहा है। मुख्य भवन के पीछे की ओर नवीन भवन का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने निर्माण स्थल का भ्रमण करके निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराएं। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में गंभीर रोगों से ग्रस्त रोगी पहुंच रहे हैं। नया भवन बन जाने के बाद बड़ी संख्या में रोगियों को भर्ती और उपचार की सुविधा मिलेगी। मौके पर उपस्थित अधीक्षक सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल डॉ. अक्षय श्रीवास्तव ने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी दी। निरीक्षण के समय निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *