पॉक्सो एक्ट के मामले में सभी पुलिस अधिकारी संवेदनशीलता से कार्य करें – कमिश्नर शीलेंद्र सिंह

पॉक्सो एक्ट के मामले में सभी पुलिस अधिकारी संवेदनशीलता से कार्य करें – कमिश्नर शीलेंद्र सिंह
साइबर धोखाधड़ी के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएं
राहवीर योजना का व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए
कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने रीवा संभाग की कानून एवं व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की
रीवा 08 जुलाई 2026. रीवा संभाग कमिश्नर श्री शीलेंद्र सिंह बुधवार को कमिश्नर कार्यालय स्थित सभाकक्ष में रीवा संभाग के सभी जिलों की कानून एवं व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की, कमिश्नर ने बैठक में उपस्थित सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए कि वह पॉक्सो एक्ट के मामले में पूरी संवेदनशीलता से कार्य करें, पॉक्सो एक्ट में दर्ज प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित न रहे और हर प्रकरण में जो दोषी व्यक्ति हैं उनकी गिरफ्तारी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। साइबर फ्रॉड एवं साइबर धोखाधड़ी के संबंध में हो रही घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कमिश्नर ने सभी पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए कि वह साइबर धोखाधड़ी के बारे में आम जनता को जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता के कार्यक्रम आयोजित करें और लोगों को साइबर फ्रॉड से बचने के तरीके के बारे में बताएं। बताया गया कि अब तक रीवा में 91 साइबर धोखाधड़ी जागरूकता के कार्यक्रम आयोजित किया जा चुके हैं, इसी क्रम में सतना में 66, सीधी में 247, मैहर में 68, मऊगंज में 65 जागरूकता के कार्यक्रम आयोजित किये जा चुके हैं।
बैठक में बताया गया कि रीवा संभाग के सभी जिलों के शैक्षणिक संस्थानों में ड्रग फ्री जोन बनाया गया है। इसके अंतर्गत शैक्षणिक संस्थाओं के 500 मीटर के दायरे को ड्रग जोन फ्री बनाने की कार्यवाही की गई है। यह सुनिश्चित किया गया है कि शैक्षणिक संस्थाओं के 500 मीटर के दायरे में शराब सिगरेट या गुटखा पाउच की कोई भी दुकान संचालित न होने पाए। कमिश्नर ने राहवीर योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए की राहवीर योजना का व्यापक प्रचार प्रसार कर लोगों को इस योजना से अवगत कराया जाए। उन्होंने बताया कि राहवीर योजना के अंतर्गत यदि कोई व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल नजदीक के अस्पताल पहुंचाता है तो उसे शासन की ओर से प्रोत्साहन राशि दी जाती है। कमिश्नर ने राहवीर योजना अंतर्गत सभी जिलों में बने कम प्रकरण पर असंतोष व्यक्त करते हुए और अधिक जागरूकता के कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि राहवीर योजना के अंतर्गत रीवा में 02, सतना में 04, सीधी में 01, सिंगरौली में 01, मऊगंज में 02 प्रकरण ही दर्ज किए गए हैं।
कमिश्नर ने आगामी पर्व एवं त्योहारों के दौरान रीवा संभाग के सभी जिलों में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति चाक चौबंद बनाए रखने के निर्देश दिए, साथ ही कहा कि विशेष तौर पर भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सतर्कता एवं निगरानी रखी जाए। कमिश्नर ने पटाखा लाइसेंसधारी संस्थाओ की एक बार पुनः जांच करने के निर्देश दिए और कहा कि पुलिस अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि सभी पटाखा दुकान शासन के नियमों एवं शर्तों के अनुसार संचालित की जा रही हैं कि नहीं, यदि कोई दुकान या संस्था इसका उल्लंघन करती हुई पाई जाए तो उसके विरुध नियम अनुसार कार्रवाई करना सुनिश्चित किया जाए। कमिश्नर ने पटाखा भंडारण स्थल का भी निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
कमिश्नर श्री शीलेंद्र सिंह ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक नियमित अंतराल पर आयोजित करने के निर्देश दिए और कहा कि रीवा जिले में पायलट प्रोजेक्ट के अंतर्गत ट्रैफिक प्लान का प्रारूप अनिवार्य रूप से बनाया जाए, प्रारंभिक तौर पर कुछ क्षेत्रों में इसका प्रयोग कर ट्रैफिक व्यवस्था का संचालन किया जाए। कमिश्नर ने सभी कलेक्टर्स को निर्देश दिए कि वह अपने-अपने जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट में आवश्यक सुधार करते हुए धीरे-धीरे सभी ब्लैक स्पॉट को खत्म करना सुनिश्चित करें।
बैठक में पुलिस महानिरीक्षक श्री गौरव राजपूत, रीवा कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, सतना कलेक्टर श्री सतीश कुमार एस, मैहर कलेक्टर श्रीमती विदिशा मुखर्जी, मऊगंज कलेक्टर श्री संजय कुमार जैन, सीधी कलेक्टर श्री विकास मिश्रा, सिंगरौली कलेक्टर श्री गौरव बैनल एवं सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक ऑफलाइन एवं वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थित रहे।