स्वरोजगार योजनाओं के शत-प्रतिशत लक्ष्य 31 अक्टूबर तक पूरे करें – कलेक्टर

स्वरोजगार योजनाओं के शत-प्रतिशत लक्ष्य 31 अक्टूबर तक पूरे करें – कलेक्टर
सीएम हेल्पलाइन में 10 जुलाई तक 80 से अधिक वेटेज स्कोर प्राप्त करें – कलेक्टर

रीवा 06 जुलाई 2026. कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने टीएल पत्रों तथा सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण करके विभाग की ग्रेडिंग में सुधार करें। सभी विभाग 10 जुलाई तक कम से कम 80 वेटेज स्कोर प्राप्त करें। राजस्व, ग्रामीण विकास विभाग, श्रम, सूचना प्रौद्योगिकी, खाद्य, नगरीय निकाय, स्वास्थ्य विभाग, गृह विभाग, ऊर्जा विभाग तथा पीएचई आवेदन पत्रों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें। इसी तरह जनसुनवाई में प्राप्त आवेदन पत्रों का 7 दिन की समय सीमा में निराकरण करके ऑनलाइन प्रतिवेदन दर्ज कराएं। समय पर आवेदनों में कार्यवाही न करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा।
कलेक्टर ने कहा कि स्वरोजगार योजनाओं से जुड़े विभागों के अधिकारी योजनाओं के लक्ष्यों के अनुसार 125 प्रतिशत प्रकरण 31 अगस्त तक बैंकों में शत-प्रतिशत दर्ज कराएं। बैंकों से नियमित संपर्क करके इनका सितम्बर माह में निराकरण कराकर सभी योजनाओं में 31 अक्टूबर तक शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित कराएं। अभियान चलाकर पात्र हितग्राहियों के आवेदन पत्र भरवाएं। सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रकरण बैंक में दर्ज करें। अग्रणी बैंक प्रबंधक 15 दिन की समय सीमा में ऋण प्रकरणों का निराकरण कराएं। इसके साथ-साथ सभी अधिकारी कलेक्टर्स कान्फ्रेंस के विभागीय एजेण्डा बिन्दुओं में की गई कार्यवाही की भी दो दिवस में जानकारी प्रस्तुत करें। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि सभी फाइलें और लेटर अब केवल ई आफिस से ही स्वीकार होंगी। सभी जिला स्तरीय अधिकारी अपने तहसील और विकासखण्ड कार्यालयों में भी ई आफिस व्यवस्था लागू कराएं। ई आफिस में प्राप्त फाइलों पर कार्यवाही करके उन्हें अधीनस्थ अमले के माध्यम से पार्क कराएं। कार्यालय की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें। कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित विभागों के कार्यालय प्रमुख प्रतिदिन डस्टबिन में कचरा संकलित कराकर उसको नगर निगम के कचरा वाहन में भेजें। भूमि आवंटन के लंबित प्रस्तावों के संबंध में सभी एसडीएम दो दिवस में प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। संबंधित विभाग भी आवंटन के संबंध में पूरी जानकारी प्रस्तुत करें। अनुकंपा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए रिक्त पदों की जानकारी तीन दिवस में उपलब्ध कराएं। अपर कलेक्टर जुलाई माह में सभी लंबित अनुकंपा नियुक्ति प्रकरणों का निराकरण कराएं।
कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी संवेदनशीलता और तत्परता से शासकीय कार्य करें। राजस्व अधिकारियों ने पिछले दो माह में राजस्व प्रकरणों और आवेदनों के निराकरण में सराहनीय कार्य किया है। इसी तरह अन्य विभाग भी विभागीय कार्यों पर विशेष ध्यान दें। कार्यालयों का शीघ्र ही आकस्मिक निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के समय कार्यालय में अव्यवस्थाएं पाए जाने पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। कार्यपालन यंत्री जल संसाधन भू अर्जन से संबंधित प्रकरणों का निराकरण कराएं। बैठक में कलेक्टर ने सड़कों के सुधार, संचारी रोगों से बचाव, अतिवृष्टि तथा बाढ़ से राहत और बचाव के उचित प्रबंधों के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, एसडीएम हुजूर डॉ. अनुराग तिवारी, डिप्टी कलेक्टर आरके सिन्हा, डिप्टी कलेक्टर सुधीर बेक तथा संबंधित जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *