उच्च शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता में इंजीनियरिंग कालेज की संचालक मण्डल की बैठक संपन्न

उच्च शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता में इंजीनियरिंग कालेज की संचालक मण्डल की बैठक संपन्न
इंजीनियरिंग कालेज को तकनीकी शिक्षा का उत्कृष्ट केन्द्र बनाएं – तकनीकी शिक्षा मंत्री
रीवा 04 जुलाई 2026. शासकीय इंजीनियरिंग कालेज रीवा में संचालक मण्डल तथा सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा तथा आयुष मंत्री श्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि रीवा इंजीनियरिंग कालेज का गौरवशाली इतिहास है। इसे तकनीकी शिक्षा का उत्कृष्ट केन्द्र बनाएं। विद्यार्थियों को रोजगार के अच्छे अवसर देने वाले तथा आधुनिक तकनीक से जुड़े पाठ्यक्रमों को शुरू करें। कालेज में 5 नए स्नातक कोर्स तथा 9 पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स को सैद्धांतिक रूप से मंजूरी दी जा रही है। कालेज में पीएचडी की सुविधा के लिए फीस निर्धारण तथा अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर लें।
बैठक में कालेज के प्राचार्य तथा सदस्य सचिव डॉ. आरपी तिवारी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। बैठक में कालेज के पूर्व छात्रों, उद्योगपतियों तथा इंजीनियरिंग कालेज के सहयोग से स्थापित होने वाले ट्रिपल आई सेंटर की स्थापना को मंजूरी दी गई। बैठक में भवन सुधार एवं अन्य निर्माण कार्यों के लिए 78.23 लाख रुपए तथा उपकरणों एवं फर्नीचर की खरीदी के लिए 82.36 लाख रुपए के व्यय को मंजूरी दी गई। बैठक में सीएम संकल्प योजना के तहत कोडिंग लैब में प्रशिक्षण के संबंध में व्यय तथा संस्था के शिक्षकों को कॅरियर संवर्धन योजना का लाभ देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। बैठक में सांसद श्री जनार्दन मिश्र तथा विधायक मनगवां इंजी. नरेन्द्र प्रजापति ने उपयोगी सुझाव दिए। बैठक में श्री आरएस शर्मा डॉ. सुधीर सिंह भदौरिया, श्री विष्णु अग्रवाल, श्री भरत मिश्रा, डॉ. सुनील कुमार पाण्डेय तथा समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे।