रीवा जिले में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं के 40 पदों पर होगी भर्ती

जिले में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं के 40 पदों पर होगी भर्ती
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 13 जुलाई

रीवा 02 जुलाई 2026. राज्य सरकार ने महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और जमीनी स्तर पर पोषण प्रबंधन को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से प्रदेश सहित रीवा जिले की विभिन्न बाल विकास परियोजनाओं में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आंगनवाड़ी सहायिकाओं की भर्ती करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी नयन सिंह ने बताया कि रीवा जिले में कुल 40 पदों पर योग्य महिला अभ्यर्थियों की नियुक्तियां की जाएंगी। भर्ती में स्थानीय पात्रताधारियों को प्राथमिकता मिलेगी। कुल रिक्तियों में से 9 पद आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए और 31 पद आंगनवाड़ी सहायिकाओं के लिए निर्धारित किए गए हैं। इन पदों पर चयन के लिए पारदर्शिता और स्थानीय प्रतिनिधित्व को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। नियमों के मुताबिक आवेदिका का उसी राजस्व ग्राम या शहरी वार्ड का निवासी होना अनिवार्य है, जहां का पद रिक्त है। किसी अन्य ग्राम या वार्ड की महिला इस प्रक्रिया में भाग लेने के लिए पात्र नहीं मानी जाएगी। इससे स्थानीय महिलाओं को प्राथमिकता मिलने से मैदानी स्तर पर सेवाओं का कुशल संचालन सुनिश्चित हो सकेगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी रहेगी। इसमें एम.पी. ऑनलाइन के माध्यम से ही आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं। इच्छुक महिला अभ्यर्थी चयन पोर्टल (https://chayan.mponline.gov.in) पर जाकर अपने आवेदन पत्र ऑनलाइन जमा कर सकती हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई निर्धारित की गई है, जबकि भरे गए फॉर्म में किसी भी प्रकार के त्रुटि सुधार के लिए 15 जुलाई तक का समय दिया जाएगा। केवल पोर्टल पर प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों को ही स्वीकार किया जाएगा। किसी भी स्तर के कार्यालय में ऑफलाइन भेजे गए आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा के मापदंडों के अनुसार दोनों ही पदों के लिए आवेदिकाओं का हायर सेकेंडरी अर्थात 12वीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। अन्य राज्यों या अशासकीय बोर्डों की अंकसूचियों को तभी मान्यता दी जाएगी जब वे माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश की समकक्षता सूची में शामिल हों। साथ ही एक जनवरी 2025 की स्थिति में आवेदिका की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होना आवश्यक है, जिसकी पुष्टि के लिए 10वीं बोर्ड की अंकसूची संलग्न करना अनिवार्य होगा। आवेदन के दौरान सभी आवश्यक प्रमाण-पत्र पीडीएफ प्रारूप में अपलोड करने होंगे, जिसके लिए निर्धारित शुल्क सौ रुपये और 18 प्रतिशत जीएसटी तय किया गया है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि रायपुर कर्चुलियान परियोजना क्रमांक एक में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के दो तथा सहायिका पाँच पदों पर भर्ती की जाएगी। रीवा शहरी परियोजना में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के एक और सहायिका के चार पदों पर भर्ती की जाएगी। जवा परियोजना में तीन, गंगेव परियोजना क्रमांक एक में एक, रीवा ग्रामीण परियोजना में दो, सिरमौर परियोजना क्रमांक एक में दो, गंगेव परियोजना क्रमांक दो में एक तथा रीवा परियोजना क्रमांक दो में तीन पदों में आंगनवाड़ी सहायिकाओं के रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। सिरमौर परियोजना क्रमांक दो में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के एक पद, रायपुर कर्चुलियान परियोजना क्रमांक दो में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के दो-दो पदों तथा त्योंथर परियोजना में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के तीन और सहायिका के आठ पदों पर भर्ती की जाएगी।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *