उप मुख्यमंत्री जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन समारोह में हुए शामिल

उप मुख्यमंत्री जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन समारोह में हुए शामिल
जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का किया आह्वान

रीवा 30 जून 2026. उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने ग्राम पंचायत कोठी में आयोजित जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं एवं विद्यार्थियों को जल संरक्षण के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि जल केवल प्राकृतिक संसाधन नहीं, बल्कि जीवन, विकास और आने वाली पीढ़ियों की सुरक्षा का आधार है। इसलिए जल संरक्षण को जनभागीदारी के माध्यम से जनआंदोलन का स्वरूप देना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान से प्रेरित होकर प्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान को व्यापक जनसहभागिता के साथ संचालित किया गया। इस अभियान का उद्देश्य केवल शासकीय योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक को जल संरक्षण के प्रति जागरूक और सहभागी बनाना है। मध्यप्रदेश नदियों, तालाबों, कुओं एवं प्राकृतिक जल स्रोतों से समृद्ध प्रदेश है, लेकिन बदलते जलवायु चक्र, भूजल के अत्यधिक दोहन तथा जल के अनियंत्रित उपयोग के कारण जल संरक्षण की चुनौती लगातार बढ़ रही है। ऐसे में आधुनिक तकनीकों और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से जल स्रोतों का संरक्षण एवं संवर्धन आवश्यक है। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने कक्षा 10वीं में प्रदेश में पांचवा स्थान हासिल करने वाली छात्रा श्रेया पाण्डेय को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उप मुख्यमंत्री ने तीन अन्य छात्राओं को साइकिल भी प्रदान की। उप मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उप मुख्यमंत्री ने जल गंगा संवर्धन अभियान में अच्छा कार्य करने वाले जल प्रहरियों को सम्मानित भी किया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जिले सहित प्रदेश भर में जल संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े लाखों कार्य किए गए हैं। खेत तालाब, कुओं का रिचार्ज, अमृत सरोवर, चेकडैम निर्माण, नालों की सफाई, वर्षा जल संचयन, जल गुणवत्ता परीक्षण तथा नदी संरक्षण जैसे कार्यों से जल संसाधनों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुई हैं। साथ ही विद्यालयों, आंगनवाड़ियों और ग्रामीण समुदायों में जल संरक्षण के प्रति व्यापक जनजागरण भी किया गया। उप मुख्यमंत्री ने जल गंगा संवर्धन अभियान को सफल बनाने वाले सभी विभागों, पंचायत प्रतिनिधियों, नगरीय निकायों, स्वयंसेवी संगठनों, किसानों, महिलाओं, युवाओं एवं आम नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक अपने घर, गांव और आसपास के जल स्रोतों की स्वच्छता एवं संरक्षण का दायित्व निभाए तथा जल का विवेकपूर्ण उपयोग सुनिश्चित करे। उन्होंने आगामी मानसून में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि जल संरक्षण और वृक्षारोपण एक-दूसरे के पूरक हैं। जहां हरियाली होगी, वहीं जल संरक्षण भी प्रभावी होगा। प्रत्येक परिवार कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसके संरक्षण का संकल्प भी ले। कार्यक्रम के अंत में उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने सभी उपस्थित नागरिकों से जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाकर प्रदेश को जल समृद्ध, हरित और विकसित बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने का आग्रह किया। इस अवसर पर सांसद श्री जनार्दन मिश्र, प्रभारी कलेक्टर अक्षत जैन, सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर, एसडीएम अनुराग तिवारी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *