समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक में अपर कलेक्टर ने दिए निर्देश

समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक में अपर कलेक्टर ने दिए निर्देश
बारिश से पहले नालों की सफाई और जल संरक्षण कार्य पूर्ण करें – अपर कलेक्टर

मऊगंज 24 जून 2026. कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अपर कलेक्टर पीके पांडेय की अध्यक्षता में समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित प्रकरणों, सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों तथा शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन से जुड़े मामलों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए उन्होंने ने कहा कि शिकायतों के निराकरण में गंभीरता बरती जाए और निर्धारित समय-सीमा के भीतर संतुष्टिपूर्ण समाधान किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों एवं अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप नागरिकों को त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए जिले में साफ-सफाई व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने नगरीय निकायों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों से कहा कि सभी गंदे नालों, नालियों तथा जल निकासी मार्गों का तत्काल निरीक्षण कर उनकी व्यापक सफाई कराई जाए, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने सभी प्रमुख एवं आंतरिक सड़कों का भी पूर्व परीक्षण कर आवश्यक सफाई एवं मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जिले में वॉटर हार्वेस्टिंग के कार्यों को अधिकाधिक संख्या में एवं निर्धारित समय से पहले पूर्ण कराया जाए। शासकीय भवनों, विद्यालयों, कार्यालय परिसरों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर वर्षा जल संचयन संरचनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। अपर कलेक्टर ने कहा कि स्वच्छता, जल संरक्षण एवं जन शिकायतों के त्वरित निराकरण जैसे विषय सीधे तौर पर आमजन के जीवन से जुड़े हैं। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं एवं निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मैदानी भ्रमण कर कार्यों की निगरानी करने तथा प्रगति प्रतिवेदन समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *