मुख्यमंत्री ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से अधिकारियों को दिए निर्देश

मुख्यमंत्री ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से अधिकारियों को दिए निर्देश
समान नागरिक संहिता के संबंध में सुझाव देने के लिए लोगों को प्रेरित करें – मुख्यमंत्री

रीवा 13 जून 2026. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि समान नागरिक संहिता की वेबसाइट लांच कर दी गई है। इसकी जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। कलेक्टर्स जनकल्याण शिविरों तथा ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा करके समान नागरिक संहिता के प्रावधानों की जानकारी दें। आमजनता से पोर्टल पर सुझाव प्राप्त करने के लिए भी समुचित व्यवस्था कराएं। सभी अधिकारी और कर्मचारी भी आम नागरिक के रूप में इसके संबंध में सुझाव अवश्य दें। सोशल मीडिया तथा अन्य माध्यमों से आमजनता को समान नागरिक संहिता के संबंध में सुझाव देने के लिए प्रेरित करें। इससे जुड़े कार्यक्रम जिला, विकासखण्ड और ग्राम स्तर में आयोजित कराएं। सभी प्रमुख शिक्षण संस्थानों में भी इससे संबंधित कार्यक्रम आयोजित कराएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान 30 जून तक चलाया जा रहा है। मनरेगा योजना में स्वीकृत जल संरक्षण के सभी कार्य 25 जून तक पूरा कराकर इसे जल गंगा पोर्टल पर अपलोड कराएं। विश्व योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम जबलपुर में आयोजित किया जा रहा है। इसमें देश की राष्ट्रपति महोदया शामिल होंगी। कलेक्टर जबलपुर कार्यक्रम के आयोजन के संबंध में समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। मुख्य कार्यक्रम स्थल गैरिसन ग्राउण्ड में कम से कम चार हजार लोगों के सामूहिक योगाभ्यास की व्यवस्था रखें। इसी दिन नीट की परीक्षा भी दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक आयोजित की जा रही है। योग दिवस के कार्यक्रम को देखते हुए यातायात की समुचित व्यवस्था रखें। नीट परीक्षा केन्द्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ विद्यार्थियों के लिए पानी, ओआरएस घोल आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश भर में 12 से 18 जून तक जनकल्याण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में सभी कल्याणकारी योजनाओं और स्वरोजगार योजनाओं के शेष बचे पात्र हितग्राहियों के आवेदन पत्र भरवाएं। आयुष्मान कार्ड, किसान सम्मान निधि, वय वंदना योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, उद्यम क्रांति योजना, सभी समाज कल्याण योजनाओं तथा अन्य योजनाओं के आवेदन पत्र अनिवार्य रूप से भरवाएं। कलेक्टर्स जनकल्याण शिविर में आवेदन पत्रों के निराकरणकरण की जानकारी पोर्टल पर प्रतिदिन दर्ज कराएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञान भारतम अभियान के तहत प्राचीन पांडुलिपियों को वेबसाइट पर अपलोड किया जा रहा है। हमारे प्रदेश में प्राचीन अभिलेखों, पांडुलिपियों, पुस्तकों, छायाचित्रों और अन्य ऐतिहासिक सामग्रियों का विशाल भण्डार है। कलेक्टर्स बुद्धिजीवियों के साथ-साथ आमजनता को भी इस अभियान में शामिल करके हमारी गौरवगाथा से जुड़े ऐतिहासिक दस्तावेजों को पोर्टल पर अपलोड कराएं। इस कार्य को 15 दिन की समय सीमा में पूरा करें। वीडियो कान्फ्रेंसिंग में मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी वर्षाकाल में अतिवृष्टि और बाढ़ से राहत और बचाव के समुचित प्रबंध कर लें। सड़कों की मरम्मत के कार्य समय पर करें। शीघ्र ही कमिश्नर्स-कलेक्टर्स कान्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इसमें जिले की उपलब्धियों की विभागवार समीक्षा होगी। सरकार के ढाई वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों की विधानसभावार जानकारी संकलित कराकर जिले की विकास पुस्तिका के रूप में प्रकाशित कराएं। वीडियो कान्फ्रेंसिंग में मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वीडियो कान्फ्रेंसिंग में कलेक्ट्रेट के एनआईसी केन्द्र से प्रभारी कलेक्टर अक्षत जैन तथा अन्य अधिकारी शामिल रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *