मऊगंज कलेक्टर एवं एसपी ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का किया औचक निरीक्षण,

कलेक्टर एवं एसपी ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का किया औचक निरीक्षण,

मऊगंज 02 जून 2026. जिले में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने, यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुरक्षित बनाने तथा सार्वजनिक स्थलों की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के उद्देश्य से कलेक्टर संजय कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन ने संयुक्त रूप से शहर के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बस स्टैंड, प्रमुख चौराहों एवं यातायात प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री जैन ने पुराने एवं नए बस स्टैंड का निरीक्षण करते हुए वहां उपलब्ध यात्री सुविधाओं, साफ-सफाई व्यवस्था, पेयजल उपलब्धता तथा समग्र व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बस स्टैंड परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, यात्रियों के लिए पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाया जाए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संबंधित विभागों को ऐसे भवनों को चिन्हित कर नियमानुसार सुरक्षित तरीके से हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जर्जर संरचनाएं यात्रियों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती हैं, इसलिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
शहर में बढ़ते यातायात दबाव एवं सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर एवं एसपी ने अस्पताल चौराहा तथा बरहटा मोड़ का भी निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण एजेंसी को तत्काल प्रभाव से स्पीड ब्रेकर एवं आवश्यक साइनेज बोर्ड स्थापित करने के निर्देश दिए गए, ताकि वाहन चालकों को मार्ग संबंधी जानकारी समय पर प्राप्त हो सके और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।
इसी क्रम में बारांव मोड़ का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने लेफ्ट टर्न व्यवस्था को व्यवस्थित करने, सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप स्पीड ब्रेकर बनाने तथा आवश्यक चेतावनी एवं दिशा-सूचक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए संकेतक बोर्ड और यातायात नियंत्रण संबंधी व्यवस्थाएं अत्यंत आवश्यक हैं।
हनुमना स्थित मोटवा चौराहे के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जेब्रा क्रॉसिंग निर्माण, लेफ्ट टर्न की सुविधा विकसित करने तथा साइनेज बोर्ड स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पैदल यात्रियों की सुरक्षा तथा सुचारू यातायात संचालन के लिए इन व्यवस्थाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री जैन ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क सुरक्षा, यात्री सुविधाओं एवं शहरी व्यवस्थाओं से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का प्रभावी पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यातायात नियमों का पालन कराने के साथ-साथ सड़कों का इंफ्रास्ट्रक्चर दुरुस्त होना अनिवार्य है। उन्होंने पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने और चिन्हित किए गए ब्लैक स्पॉट्स पर यातायात पुलिस की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान एसडीम मऊगंज एपी द्विवेदी,एसडीएम हनुमना राजेश मेहता, निर्माण एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित रहे ।
कलेक्टर ने किया वृक्षारोपण, रोपा आम का पौधा

मऊगंज 02 जून 2026. पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कलेक्टर संजय कुमार जैन ने आवास में वृक्षारोपण किया । इस अवसर पर उन्होंने फलदार पौधों की श्रृंखला में आम का पौधा रोपा। पौधरोपण के उपरांत कलेक्टर ने कहा कि पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। पेड़ न केवल हमें ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वस्थ वातावरण भी तैयार करते हैं। कलेक्टर ने आम जनमानस से भी अपील की है कि वे अपने जीवन के विशेष अवसरों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसके वृक्ष बनने तक उसकी पूरी जिम्मेदारी लें।
इस दौरान जिला प्रशासन के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *