मुख्यमंत्री कन्या विवाह /निकाह सम्मेलन में गूंजे मंगल गीत

मुख्यमंत्री कन्या विवाह /निकाह सम्मेलन में गूंजे मंगल गीत
सामूहिक विवाह में 186 नवयुगलों ने थामा एक-दूजे का हाथ

रीवा 14 मई 2026. जिले के त्यौंथर तहसील अन्तर्गत कृषि उपज चाकघाट मंडी प्रांगण में आयोजित जिला स्तरीय मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह सम्मेलन में 184 नवयुगल जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार, सामाजिक रीति-रिवाज एवं पारंपरिक रस्मों के साथ परिणय सूत्र में बंध गए। विवाह समारोह में शहनाई की मधुर धुन और मंगल गीतों के बीच नवदंपत्तियों ने अपने नए जीवन की शुरुआत की। वहीँ 2 निकाह के जोड़े भी सम्मिलित हुए। सम्मेलन में विभिन्न समाजों और समुदायों की भागीदारी ने सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि सांसद जनार्दन मिश्रा ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह के सामूहिक विवाह आयोजन सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ-साथ बेटियों के सम्मान को भी बढ़ावा देते हैं। सम्मेलन की विशेष बात यह रही कि रीवा जनपद पंचायत के जनपद पंचायत सदस्य रामानुज आदिवासी ने अपनी पुत्री का विवाह भी इसी सम्मेलन में संपन्न कराया। वहीं जनपद पंचायत सीईओ प्रवीण बंसोड एवं सामाजिक सुरक्षा अधिकारी अरविंद तिवारी ने सामाजिक समरसता का परिचय देते हुए कन्यादान की रस्म निभाते हुए कन्यादान किया। सभी नवयुगल जोड़ों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। अलग-अलग काउंटर बनाकर पंजीयन और अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य गीता माझी, जनपद पंचायत अध्यक्ष मीनू आदिवासी, सांसद प्रतिनिधि सुशील चंद्र शुक्ला, ब्राम्हानारायण सिंह, मार्तंड सिंह, अंकित शुक्ला सहित जनप्रतिनिधि एवं सामजिक सुरक्षा अधिकारी जनपद जवा, रीवा, सिरमौर और रायपुर कर्चुलियान उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *