विद्यालयों में कैंप लगाकर विद्यार्थियों के आधार कार्ड बनवायें – प्रभारी कलेक्टर

विद्यालयों में कैंप लगाकर विद्यार्थियों के आधार कार्ड बनवायें – प्रभारी कलेक्टर
जिला स्तरीय आधार मानीटरिंग समिति की बैठक संपन्न

रीवा 23 अप्रैल 2026. नागरिकों को आधार सेवाओं का सुलभ और त्वरित लाभ दिलाये जाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय आधार मानीटरिंग समिति की बैठक प्रभारी कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में प्रभारी कलेक्टर ने निर्देश दिये कि विद्यालयों में कैंप लगाकर विद्यार्थियों के आधार कार्ड बनाया जाना सुनिश्चित करायें। उन्होंने कहा कि 15 वर्ष से अधिक आयु के विद्यार्थियों के जिले में काफी संख्या में आधार बनने हैं। आधार कार्ड शासकीय योजनाओं एवं छात्रवृत्ति आदि के लाभ में आवश्यक है अत: प्राथमिकता से शिविर लगाते हुए प्रचार प्रसार कर शत प्रतिशत बच्चों के आधार कार्ड बनवायें। उन्होंने 15 वर्ष से कम आयु के विद्यार्थियों व अन्य व्यक्तियों के भी आधार कार्ड बनाने को प्राथमिकता देने के निर्देश बैठक में दिये।

बाणसागर सभागार में आयोजित बैठक में प्रभारी कलेक्टर ने आधार में दर्ज निवास पते को बारबार बदलने की प्रक्रिया में शिथिलता किये जाने के संबंध में परामर्श दिया तथा राज्य स्तर से निर्देश जारी करने की अपेक्षा की साथ ही आधार सेवाओं की गुणवत्ता व विभागों के समन्वय पर जोर दिया। बैठक में निर्देश दिये गये कि नगरीय क्षेत्र में कम से कम एक बैंक की शाखा में आधार केन्द्र का संचालन हो। तहसील स्तर पर 18 वर्ष से अधिक आयु के लंबित नामांकन और 100 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तत्काल निराकृत करने के निर्देश दिए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग को जिले की सभी आधार मशीनों को तत्काल क्रियाशील कर नियमित सेवाएं शुरू करने हेतु निर्देशित किया गया। बैठक में यूआईडीएआई दिल्ली के परियोजना प्रबंधक निकेत दीवान द्वारा तकनीकी जानकारी दी गई। इस दौरान जिला ई-प्रबंधक आशीष दुबे ने ऑपरेटरों को सुचारू संचालन हेतु आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने नामांकन के दौरान होने वाली त्रुटियों को शून्य करने और नागरिकों के साथ शालीन व्यवहार करने की बात कही। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास नयन सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी रामराज मिश्र, डीपीसी राजेश तिवारी, इंडिया पोस्ट के अधिकारी तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *