कलेक्टर ने जल गंगा संवर्धन अभियान में निभाई सहभागिता

कलेक्टर ने जल गंगा संवर्धन अभियान में निभाई सहभागिता
रामसागर तालाब में कलेक्टर तथा ग्रामीणों ने जल संरक्षण के लिए किया किया श्रमदान

रीवा 24 मार्च 2026. जिले भर में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल संरक्षण और संवर्धन के कार्य किए जा रहे हैं। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने ग्रामीण क्षेत्र में भ्रमण के दौरान रायपुर जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत पटना में जल गंगा अभियान में सहभागिता निभाई। कलेक्टर ने रामसागर तालाब के गहरीकरण और साफ-सफाई कार्य में ग्रामीणों के साथ श्रमदान किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि पानी को बचाने व इसके सहेजने का कार्य हम सबकी जिम्मेदारी है। रामसागर तालाब बड़ा तालाब है। इसमें गत वर्ष भी गहरीकरण व साफ-सफाई का कार्य हुआ था जिससे काफी मात्रा में पानी भरने लगा है। इस वर्ष सभी लोग मिलकर इसमें श्रमदान करें और यह संकल्प लें कि इस तालाब को पूरा भरने लायक बनाएंगे।

कलेक्टर ने कहा कि समय रहते यदि पानी के बचाने की चिंता नहीं की गई तो भविष्य में इसके परिणाम घातक होंगे। जिले में नवीन जल संग्रहण संरचनाओं के निर्माण के साथ ही पूर्व से मौजूद जल संग्रहण संरचनाओं की साफ-सफाई व जीर्णोद्धार के कार्य इस अभियान में कराए जा रहे हैं। निस्तारी तालाबों से अतिक्रमण हटाए जाएंगे। उन्होंने बड़े किसानों से अपेक्षा की कि वह अपने खेत में खेत तालाब बनाएं। कलेक्टर ने ग्रामीणजनों से हैण्डपंप के पास सोख्ता गड्ढा बनाकर जल संग्रहण करने की भी समझाइश दी। उन्होंने कहा कि छत का पानी भी जमीन के नीचे जाए, ऐसी व्यवस्था कराएं। कलेक्टर ने कहा कि समाज की सहभागिता से ही यह अभियान सफल होगा और पानी के बचाव से आने वाली पीढ़ी को लाभ मिलेगा। उन्होंने रामसागर तालाब का सीमांकन कराकर सौन्दर्यीकरण का प्रस्ताव भेजने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने ग्रामीणजनों को आश्वस्त किया कि इस तालाब का सौन्दर्यीकरण कराकर मेड़ में सघन वृक्षारोपण भी कराया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान गत दो वर्षों से संचालित हो रहा है। यह अभियान जनता का अभियान है। शासन, प्रशासन के साथ जनसामान्य को पानी की एक-एक बूंद बचाने में अपनी सहभागिता निभानी होगी। उन्होंने कहा कि जिले के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में जल संरक्षण व संवर्धन के कार्य कराए जा रहे हैं। सभी लोग इस महत्वपूर्ण अभियान में अपना सहयोग करें। कार्यक्रम में एसडीएम मनगवां संजय जैन ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान में विभागों के साथ ही जनभागीदारी की सहभागिता आवश्यक है तभी यह अभियान अपने उद्देश्य को प्राप्त कर सकेगा। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत रायपुर कर्चुलियान प्रदीप दुबे ने बताया कि जनपद अंतर्गत चार सौ कार्य जल संरक्षण अभियान में लिए गए हैं। इसके साथ ही पूर्व के जल संरक्षण के कार्य भी कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्राचीन जल संरचनाओं के जीर्णोद्धार व नवीन संरचनाओं का निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर सुषमा शुक्ला ने बघेली गीत के माध्यम से जल बचाव व संरक्षण का संदेश दिया। पटना ग्राम के ग्रामीणजनों ने समवेत स्वर में जल संरक्षण का संकल्प लिया और रामसागर तालाब में श्रमदान किया। उल्लेखनीय है कि 6.40 लाख रुपए की राशि एवं जनभागीदारी से तालाब का गहरीकरण कार्य कराया जा रहा है। कार्यक्रम में तहसीलदार विनयमूर्ति मिश्र, सरपंच सोनू सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गोविंद नारायण श्रीवास्तव ने किया।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *