जिला अस्पताल में आंखों के सफल ऑपरेशन, मरीजों को मिली नई रोशनी

जिला अस्पताल में आंखों के सफल ऑपरेशन, मरीजों को मिली नई रोशनी
रीवा 19 मार्च 2026. जिला अस्पताल में नेत्र चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में लगातार प्रगति देखने को मिल रही है। यहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा आधुनिक तकनीकों एसआईसीएस, फेकोटेरीजियम, ऑक्यूलोप्लास्टि के माध्यम से आंखों के सफल ऑपरेशन किए जा रहे हैं, जिससे अनेक मरीजों को नई रोशनी मिली है। इस संबंध में जिला अस्पताल की नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. नेहा तिवारी ने बताया कि अस्पताल में विशेष रूप से मोतियाबिंद के ऑपरेशन और अन्य नेत्र रोगों के उपचार किए जा रहे हैं। ऑपरेशन के दौरान अत्याधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षित स्टाफ की मदद से मरीजों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार प्रदान किया जा रहा है। अब तक 563 हितग्राहियों में से 216 पुरुष, 347 महिलाओं का ऑपरेशन किया गया है। इन सफल ऑपरेशनों के कारण ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को अब बड़े शहरों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। जिला अस्पताल में ही उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं इस समय जिला अस्पताल में चार विषय विशेषज्ञों टीम उपचार मुहैया करा रही है। सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. प्रतिभा मिश्रा ने बताया कि समय पर जांच और उपचार से अंधत्व जैसी गंभीर समस्या से बचा जा सकता है। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि आंखों से संबंधित किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करें और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या जिला अस्पताल में जांच अवश्य कराएं। इन सफल प्रयासों से न केवल मरीजों को लाभ मिल रहा है, बल्कि जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर लोगों का विश्वास भी लगातार बढ़ रहा है।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *