हब फॉर एम्पॉवरमेंट ऑफ वूमेन अंतर्गत कार्यशाला

हब फॉर एम्पॉवरमेंट ऑफ वूमेन अंतर्गत कार्यशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ आयोजन

रीवा 19 मार्च 2026. हब फॉर एम्पॉवरमेंट ऑफ वूमेन अंतर्गत संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा स्टार होटल में एक दिवसीय कार्यशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिला सुरक्षा अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा संबंधित कानूनों एवं समसामयिक विषयों पर प्रतिभागियों को प्रशिक्षित करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ संयुक्त संचालक शशि श्याम उइके एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा किया गया। संयुक्त संचालक ने स्वास्थ्य जागरूकता विषय पर जानकारी देते हुए महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता से संबंधित आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की।

कार्यक्रम में विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत एवं ज्ञानवर्धक व्याख्यान प्रस्तुत किए गए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी ने घरेलू हिंसा की रोकथाम, दहेज प्रथा उन्मूलन तथा महिला संबंधी कानूनों की जानकारी विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने महिलाओं के अधिकारों, कानूनी सहायता की उपलब्धता एवं सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए जागरूकता की आवश्यकता पर बल दिया। सहायक संचालक शलीन शर्मा ने जेंडर संवेदीकरण तथा साइबर सुरक्षा विषयों के संबंध में जानकारी दी। जिला कार्यक्रम अधिकारी नयन सिंह ने कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न रोकथाम, निषेध एवं निवारण अधिनियम पर जानकारी दी। उन्होंने अधिनियम के प्रावधानों, शिकायत निवारण तंत्र एवं सुरक्षित कार्यस्थल सुनिश्चित करने के उपायों पर प्रकाश डाला।

कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों द्वारा ऑडियो-वीडियो सामग्री एवं पावर प्वाइंट प्रस्तुतियों का प्रभावी उपयोग किया गया, जिससे विषयों को समझने में सुगमता हुई। कार्यशाला में विभिन्न जिलों से आए सीडीपीओ एवं पर्यवेक्षकों के साथ-साथ बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड, ऑब्जर्वेशन होम तथा वन स्टॉप सेंटर के सदस्य भी प्रतिभागी के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सीडब्ल्यूसी की अध्यक्ष, जेजेबी के सदस्य एवं समाजसेवी सुश्री ममता सिंह द्वारा भी प्रतिभागियों को संबोधित किया गया एवं अपने विचार साझा किए गए। कार्यक्रम के समापन पर सीडीपीओ श्री जीवेंद्र सिंह द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर प्रमुख वक्ताओं के साथ-साथ क्षेत्रीय स्वास्थ्य संचालक, अध्यक्ष बाल कल्याण समिति, सदस्य किषोर न्याय बोर्ड, जिला विधिक सेवा अधिकारी, निरीक्षक हरिजन थाना सुश्री निशा एवं समाज सेविका श्रीमती ममता नागेंद्र सिंह भी उपस्थित रहीं।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *