हवाई सेवा मिलने से विन्ध्य देश का सबसे बड़ा इकोनॉमिक कारिडोर बनेगा – उप मुख्यमंत्री

केन्द्रीय उड्डयन मंत्री तथा मुख्यमंत्री ने रीवा-रायपुर हवाई सेवा का किया शुभारंभ
रीवा एयरपोर्ट के रनवे का 2300 मीटर विस्तार का प्रस्ताव मंजूर
डबल इंजन सरकार ने रीवा के विकास को नया आयाम दिया है – मुख्यमंत्री
भूमि मिलते ही रीवा एयरपोर्ट के विस्तार का कार्य हो जाएगा शुरू – केन्द्रीय मंत्री
रीवा एयरपोर्ट ने विन्ध्य को विकास की उड़ान दी है – केन्द्रीय मंत्री
दिल्ली से रीवा और रीवा से रायपुर के लिए किराया रहेगा फिक्स – केन्द्रीय मंत्री
हवाई सेवा मिलने से विन्ध्य देश का सबसे बड़ा इकोनॉमिक कारिडोर बनेगा – उप मुख्यमंत्री
रीवा 17 मार्च 2026. विन्ध्य क्षेत्र को आज विकास की नई सौगात मिली। रीवा एयरपोर्ट से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के लिए सीधी विमान सेवा शुरू हुई। एलायंस एयरवेज सप्ताह में तीन दिन रीवा से रायपुर और रायपुर से रीवा के लिए 72 सीटर प्लेन की सुविधा शुरू की। रीवा एयरपोर्ट में आयोजित समारोह में हवाई सेवा का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से समारोह में शामिल हुए। वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिल्ली से शामिल होकर केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री डॉ. के राममोहन नायडू ने हवाई सेवा का शुभारंभ किया।
रीवा में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल, सांसद श्री जनार्दन मिश्र तथा अन्य विशिष्ट अतिथि शामिल हुए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि रीवा एयरपोर्ट को केवल दो वर्षों में तीन बड़ी सौगातें मिली हैं। रीवा एयरपोर्ट अपनी प्राचीन गरिमा और वैभव के साथ विकास की उड़ान के लिए पूरी तरह से तैयार है। केन्द्र और राज्य की डबल इंजन सरकार ने रीवा के विकास को नया आयाम दिया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की खास आदमी के साथ आम आदमी को भी हवाई जहाज में उड़ने की सुविधा देने के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रदेश सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उड़ान योजना और प्रदेश की नई विमान नीति से प्रदेश में एयरपोर्ट का तेजी से विकास हो रहा है। रीवा एयरपोर्ट के विकास और हवाई सेवाओं के लिए केन्द्रीय मंत्री श्री नायडू तथा उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल के सराहनीय प्रयास सफल हो रहे हैं। रीवा एयरपोर्ट से भोपाल, इंदौर और दिल्ली के बाद अब रायपुर के लिए हवाई सेवा शुरू हो गई है। यह विन्ध्य के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। एयर एंबुलेंस सेवा का लाभ उठाने में भी रीवा सबसे आगे है। पर्यटन के लिए हेली सेवा शुरू करने के साथ आठ नए एयरपोर्ट एवं 20 हवाई पट्टियों का निर्माण किया जा रहा है।
इस अवसर दिल्ली से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए नागर विमान मंत्री डॉ. के राममोहन नायडू ने कहा कि रीवा एयरपोर्ट जबरदस्त उपलब्धि हासिल कर रहा है। प्रधानमंत्री जी ने विन्ध्य के सपनों को उड़ान देने का जो कार्य प्रारंभ किया था वह अब मूर्तरूप ले रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विमान सेवा में देश में मॉडल के तौर पर उभर रहा है। केन्द्र व राज्य सरकार मिलकर मध्यप्रदेश की जनता को हवाई यात्रा सुलभ कराने का हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि रीवा से रायपुर की सीधी उड़ान के लिए उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल हमेशा से प्रत्यनशील रहे हैं। इस हवाई यात्रा के शुरू हो जाने से रीवा के भविष्य के साथ ही आर्थिक विकास का मार्ग प्रशस्त होगा व युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि फेयर से फुरसत अभियान 2.0 के तहत रीवा से रायपुर व दिल्ली का वायुयान का किराया फिक्स रहेगा। उन्होंने रीवा वासियों को इस उपलब्धि के लिए ह्मदय से बधाई दी तथा कहा कि रीवा एयरपोर्ट का रनवे बढ़ाने का कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा तथा टर्मिनल भवन का विस्तार भी किया जायेगा।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि रीवा से रायपुर के लिए वायु सेवा की यह तीसरी सौगात मिल रही है। रीवा में असीम संभावनाओं के बावजूद भी हवाई सेवाएं न होने पर वह तरक्की नहीं हो पायी थी लेकिन अब रीवा तरक्की की ऊंचाईयाँ छू रहा है। प्रधानमंत्री जी की उड़ान योजना का रीवा ने भरपूर लाभ उठाया। अब यह क्षेत्र देश का सबसे बड़ा इकोनामिक कारीडोर बनेगा। रीवा एयरपोर्ट का वर्ष 2024 में प्रधानमंत्री जी द्वारा उद्घाटन किया गया और वर्ष 2025 में रीवा से दिल्ली व रीवा से इंदौर के लिए वायु सेवा शुरू हुई। उन्होंने रीवा को वायु सेवा में शामिल करने में स्टेट वीजीएफ योजना लागू करने के लिए मुख्यमंत्री को साधुवाद दिया। श्री शुक्ल ने कहा कि रीवा, रायपुर वायु सेवा के प्रारंभ होने से छत्तीसगढ़ में खुशी की लहर है। वहां के जनप्रतिनिधियों सहित स्थानीय निवासियों में भी अपार उत्साह है। श्री शुक्ल ने कहा कि फेयर से फुरसत अभियान 2.0 लागू होने से किराया भी फिक्स रहेगा। उन्होंने इसके लिए मंत्री श्री नायडू को साधुवाद दिया। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि रीवा एयरपोर्ट के रनवे को विस्तारित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा 390 करोड़ रूपये मंजूर किये जा रहे हैं। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री से रीवा के टर्मिनल भवन विस्तार की मांग की।
कार्यक्रम में सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने कहा कि रीवा से रायपुर की वायु सेवा प्रारंभ हो जाने से हम अपने घर से ही जुड़ रहे हैं। रायपुर के लिए सड़क मार्ग व रेल मार्ग की सुविधा थी लेकिन हवाई मार्ग से जुड़ना एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी जी का संकल्प पूरा हो रहा है। केन्द्रीय मंत्री नायडू ने रीवा के लिए जो हवाई सेवाओं की सुविधाएं दी हैं उसके लिए वह बधाई के पात्र हैं। कार्यक्रम को जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता ने भी संबोधित किया। दिल्ली से नागर विमान मंत्रालय के सचिव समीर कुमार सिन्हा ने भी विमान सेवाओं के विस्तार की जानकारी दी।
समारोह में केन्द्रीय मंत्री तथा उप मुख्यमंत्री ने सांकेतिक रूप से हरी झण्डी दिखाकर विमान सेवा का शुभारंभ किया। समारोह में रायपुर जाने वाले यात्रियों को बोर्डिंग पास प्रदान किए गए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल भी रीवा से रायपुर जाने वाली प्रथम हवाई सेवा के यात्री बने। समारोह में लोक गायिका राखी द्विवेदी ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, पूर्व मंत्री श्री पुष्पराज सिंह, अध्यक्ष नगर निगम श्री व्यंकटेश पाण्डेय, एलायंस एयरवेज के सीईओ राजर्षि सेन, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।