संकल्प से समाधान अभियान के आवेदनों का करें निराकरण – कलेक्टर

संकल्प से समाधान अभियान के आवेदनों का करें निराकरण – कलेक्टर
लंबित आवेदन पत्रों का निराकरण करके विभाग की रैंकिंग सुधारें – कलेक्टर

रीवा 16 मार्च 2026. कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने टीएल पत्रों तथा सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी फरवरी माह में दर्ज शिकायतों तथा 50 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें। सीएम हेल्पलाइन पोर्टल में विभागों की रैंकिंग संतोषजनक नहीं है। लंबित आवेदन पत्रों का तत्परता से निराकरण करके विभाग की रैंकिंग सुधारें। विभाग की रैंकिंग ए श्रेणी में सुनिश्चित करें। राजस्व विभाग, खाद्य विभाग, स्वास्थ्य विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, नगरीय निकाय तथा श्रम विभाग आवेदनों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें। जिला आपूर्ति अधिकारी एलपीजी से संबंधित सभी शिकायतों का 24 घंटे में निराकरण सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने कहा कि संकल्प से समाधान अभियान में 16 से 26 मार्च तक तीसरा चरण चलेगा। इसमें जिला स्तर पर आवेदन पत्रों का निराकरण किया जाएगा। लंबित आवेदन पत्रों का शत-प्रतिशत निराकरण करके प्रतिवेदन पोर्टल पर दर्ज कराएं। जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रम विभाग में मजदूरों के पंजीयन से संबंधित सभी आवेदन पत्रों का निराकरण कराएं। जिस ग्राम पंचायत सचिव के पास 10 से अधिक आवेदन लंबित हैं उस पर पाँच हजार रुपए का जुर्माना लगाएं। कार्यपालन यंत्री पीएचई अभियान चलाकर खराब हैण्डपंपों में सुधार कराएं। हैण्डपंप सुधार के लिए अतिरिक्त राइजर पाइप तथा अन्य सामग्री की तत्काल व्यवस्था करें। जल गंगा संवर्धन अभियान 19 मार्च से शुरू हो रहा है। जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विकासखण्ड स्तर पर जनप्रतिनिधियों की सहभागिता के साथ समारोहपूर्वक अभियान का शुभारंभ कराएं। अभियान के दौरान गत वर्ष के जल संरक्षण के अधूरे कार्यों को पूरा कराएं।

कलेक्टर ने कहा कि किशोरियों को एचपीवी टीकाकरण की स्थिति संतोषजनक नहीं है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी व्यापक अभियान चलाकर टीके लगवाने के लिए 14 और 15 वर्ष की किशोरियों तथा उनके अभिभावकों की काउंसलिंग करें। अब परीक्षाएं समाप्त हो गई हैं। यह टीका किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से पूरी सुरक्षा देगा। हर माता-पिता अपनी बेटी को कैंसर जैसी घातक बीमारी से बचाने के लिए टीका अवश्य लगवाएं। सोशल मीडिया में भी टीकाकरण से संबंधित पोस्ट नियमित रूप से करें। टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों तथा समाजसेवी संस्थाओं का भी सहयोग लें। कलेक्टर ने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी नया शिक्षा सत्र शुरू होने से पहले जिला स्तर पर पुस्तक मेले का आयोजन करें। पुस्तक मेला शासकीय मार्तण्ड उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित करें। इसमें सभी प्रमुख पुस्तक विक्रेताओं की भागीदारी सुनिश्चित करें। पुस्तक मेले का व्यवस्थित आयोजन कराएं जिससे अभिभावक पुस्तकें एवं अन्य सामग्री खरीद सकें।

बैठक में कलेक्टर ने पेयजल व्यवस्था, सड़कों में सुधार, समर्थन मूल्य पर गेंहू उपार्जन की तैयारियों तथा बिजली आपूर्ति के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि अधीक्षण यंत्री त्योंथर, जवा और सिरमौर में बैठक लेकर विद्युत की नियमित आपूर्ति के लिए व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। बैठक में आयुक्त नगर निगम डॉ. सौरभ सोनवणे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, डिप्टी कलेक्टर आरके सिन्हा, डिप्टी कलेक्टर सुरभि अग्रवाल तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *