हिनौती गौधाम में मास्टर प्लान के अनुसार ही निर्माण कार्य कराये जांय

हिनौती गौधाम में मास्टर प्लान के अनुसार ही निर्माण कार्य कराये जांय – उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल
निर्माणाधीन गौशेड व गेस्ट हाउस का कार्य 30 मार्च तक पूर्ण करें – उप मुख्यमंत्री

रीवा 15 मार्च 2026. उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने हिनौती गौधाम में आयोजित बैठक में कहा कि मास्टर प्लान के अनुसार ही सभी निर्माण कार्य कराये जांय। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि गौधाम में प्रस्तावित गौशेड, भूसा शेड सहित अन्य कार्य व्यवस्थित ढंग से लेआउट देकर प्रारंभ करायें। उन्होंने गौधाम के निर्माणाधीन गौशेड एवं गेस्ट हाउस का कार्य 30 मार्च तक पूर्ण कराकर लोकार्पण कराने के निर्देश दिये।

उप मुख्यमंत्री ने विधायक मनगवां द्वारा प्रदत्त की गयी 3 करोड़ 60 लाख रूपये की राशि से गोपाल, सुरभि एवं नंदिनी गौशेड निर्माण कार्य की प्रगति जानकारी ली। उन्होंने सभी कार्य 30 मार्च तक पूर्ण कराने के निर्देश दिये। कामधेनु गौशेड के साथ भूसा शेड का कार्य भी नियत समय तक पूर्ण किये जाने का निर्देश उप मुख्यमंत्री ने दिया। श्री शुक्ल ने उनके स्वयं की विधायक निधि से स्वीकृत 3 करोड़ 60 लाख रूपये की राशि से मास्टर प्लान के अनुसार व्यवस्थित ढंग से निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिये। श्री शुक्ल ने कहा कि गौधाम से लगी किसानों की निजी भूमि में गौवंश न जांय यह व्यवस्था सुनिश्चित की जांय। उन्होंने गौशाला संचालन समिति में क्रियाशील सदस्यों को शामिल करने के भी निर्देश दिये। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गौधाम से लगे नाले में मुख्यमंत्री जी द्वारा की गयी घोषणा के अनुसार शीघ्र कार्य प्रारंभ करायें। उन्होंने गौधाम में जल निगम एवं पीएचई द्वारा निर्मित की गयी जन भागीदारी से टंकी व नेटवर्क पाइप लाइन कार्य के लिए विभागीय अधिकारियों की प्रशंसा की। इस अवसर पर बताया गया कि सभी गौशेड में पानी का कनेक्शन कर दिया गया है।

उप मुख्यमंत्री ने गौधाम के लिए शासकीय भूमि का शेष सीमांकन कराने के निर्देश बैठक में अधिकारियों को दिये। उन्होंने गौधाम के लिए सड़क निर्माण व अन्य प्रयोजन के लिए निजी भूमि दाताओं का द्वारा प्रदत्त भूमिदान के लिये सम्मान किया। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमार्ग से गौधाम तक प्रस्तावित सड़क निर्माण का कार्य शीघ्र प्रारंभ करायें। इससे पूर्व उप मुख्यमंत्री ने गौपूजन कर गाय को गुड खिलाया। बैठक में उप मुख्यमंत्री जी के प्रतिनिधि राजेश पाण्डेय ने हिनौती गौधाम में निर्माण कार्यों सहित गायों के पंजीयन तथा अन्य गतिविधियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर विधायक मनगवां इंजी. नरेन्द्र प्रजापति, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, पूर्व विधायक श्यामलाल द्विवेदी, जनपद अध्यक्ष विकास तिवारी, एसडीएम दृष्टि जायसवाल, सीईओ जनपद प्राची चतुर्वेदी, उप संचालक पशुपालन डॉ. पंकज सिंह, कार्यपालन यंत्री पीएचई चित्रांशु सहित विभागीय अधिकारी एवं स्थानीय जन उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *