विश्व महिला दिवस पर किया गया फिट इंडिया महिला सप्ताह का आयोजन

विश्व महिला दिवस पर किया गया फिट इंडिया महिला सप्ताह का आयोजन
रीवा 07 मार्च 2026. शासन के निर्देशों के अनुसार जिले भर में 6 मार्च से 10 मार्च तक फिट इंडिया महिला सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस क्रम में विश्व महिला दिवस से एक दिन पूर्व जिले भर में महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न आयोजन किए गए। इस संबंध में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास नयन सिंह ने बताया कि फिट इंडिया महिला सप्ताह का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को शारीरिक रूप से स्वस्थ, सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना है। इस क्रम में दिनांक 7 मार्च को जिले के विभिन्न महिला छात्रावासों में आत्मरक्षा एवं सुरक्षा प्रशिक्षण, खेल प्रतियोगिताएँ, योग अभ्यास तथा स्वास्थ्य जागरूकता से संबंधित गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम की श्रृंखला में दिनांक 8 मार्च को विश्व महिला दिवस के अवसर पर पीएमश्री आदर्श विज्ञान महाविद्यालय रीवा के सभागार में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही महिलाओं के सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कार्यक्रम स्थल पर परिवहन विभाग द्वारा महिलाओं के लिए निःशुल्क पिंक ड्राइविंग लाइसेंस बनाए जाने की विशेष सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने जिले की समस्त महिलाओं एवं बालिकाओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने का आग्रह किया है।