गुलाब स्टोरी आने वाले समय में प्रदेश और देश के लिए बनेगी प्रेरणादायक उदाहरण – उपमुख्यमंत्री श्री शुक्ल

गुलाब स्टोरी आने वाले समय में प्रदेश और देश के लिए बनेगी प्रेरणादायक उदाहरण – उपमुख्यमंत्री श्री शुक्ल
संभाग स्तरीय पुष्प प्रदर्शनी के समापन कार्यक्रम में हुए सम्मिलित
रीवा एक मार्च 2026. गुलाब की यह कहानी आने वाले समय में प्रदेश और देश के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बनेगी। यह उदगार उपमुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने मानस भवन, गुना में आयोजित संभाग स्तरीय पुष्प प्रदर्शनी एवं कृषक कार्यशाला के समापन अवसर पर व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और प्राकृतिक खेती के समन्वय से किसान आर्थिक रूप से सशक्त बन सकते हैं।
उद्यानिकी विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों से आए कृषकों द्वारा लगाए गए स्टॉलों एवं पुष्प प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा उनसे संवाद कर खेती की उन्नत तकनीकों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गुलाब की खेती से एक एकड़ में सालाना लगभग 14 लाख रुपये तक की आय संभव है, जो पारंपरिक फसलों की तुलना में अधिक है। यह मॉडल अन्य किसानों के लिए भी मार्गदर्शक सिद्ध हो सकता है। उन्होंने रासायनिक उर्वरकों के बढ़ते उपयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। उनका कहना था कि ऑर्गेनिक उत्पाद न केवल स्वाद और गुणवत्ता में बेहतर होते हैं, बल्कि स्वास्थ्य की दृष्टि से भी सुरक्षित हैं।
उपमुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य जागरूकता पर भी बल दिया। उन्होंने बताया कि महिलाओं में स्तन कैंसर के बाद सर्वाइकल कैंसर दूसरा सबसे आम कैंसर है। इससे बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया है। प्रथम चरण में 14–15 वर्ष की बालिकाएं अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर पहचान पत्र के साथ एक दिन में लगने वाली यह वैक्सीन अवश्य लगवाएं। उन्होंने समाज से अपील की कि इस अभियान को जनआंदोलन बनाकर हर बेटी को इस सुरक्षा कवच से जोड़ें।