एसआईआर का काम पूरा, रीवा की नई वोटर लिस्ट तैयार

एसआईआर का काम पूरा, रीवा की नई वोटर लिस्ट तैयार
नई मतदाता सूची में दर्ज हैं 1327305 मतदाता
मनगवां में सबसे ज्यादा तो रीवा में सबसे कम मतदाता, जेंडर रेशियो में रीवा अव्वल
मतदाता सूची का अंतिम रूप से हुआ प्रकाशन

रीवा 21 फरवरी 2026. जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य पूरा हो गया है। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी भोपाल के निर्देशों के अनुसार जिले में अर्हता तिथि एक जनवरी 2026 के आधार पर मतदाता सूची का अंतिम रूप से प्रकाशन कर दिया गया है। जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों 68-सिरमौर, 69-सेमरिया, 70-त्योंथर, 73- मनगवां, 74-रीवा तथा 75- गुढ़ में मतदाता सूची का विहित रीति से अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। कलेक्ट्रेट में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी ने अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची की प्रतियाँ मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को सौंपी। इस संबंध में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी भोपाल की वेबसाइट में अवलोकन के लिए प्रदर्शित कर दी गई है। आमजन अपने संबंधित बूथ लेवल अधिकारी के पास भी उपलब्ध मतदाता सूची में अपना व अपने परिवार के अन्य सदस्यों के नाम का अवलोकन कर सकते हैं।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में रीवा जिले में मतदाताओं की कुल संख्या 13 लाख 27 हजार 305 है। अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची के अनुसार जिले में पुरूष मतदाताओं की संख्या 6 लाख 99 हजार 380 तथा महिला मतदाताओं की संख्या 6 लाख 27 हजार 919 है। जिले में मतदान केन्द्रों की कुल संख्या 1707, थर्ड जेंडर 6 और जेंडर रेशियो 898 है। सर्वाधिक मतदाता विधानसभा क्षेत्र मनगवां और सबसे कम मतदाता विधानसभा क्षेत्र रीवा में दर्ज किए गए हैं। भले ही रीवा विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या कम है लेकिन यहाँ का जेंडर रेशियो पूरे जिले में सबसे बेहतर है जो महिला मतदाताओं की अच्छी संख्या को दर्शाता है। उल्लेखनीय है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मध्यप्रदेश सहित 12 राज्यों में मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए विशेष पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) चलाया गया। एसआईआर की प्रक्रिया आधिकारिक रूप से 4 नवम्बर 2025 से प्रारंभ हुई। इस दौरान बीएलओ ने मतदाताओं के घर-घर जाकर सर्वे किया। सर्वे के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े गए और मृत तथा स्थाई रूप से पलायन करने वाले मतदाताओं के नाम हटाए गए। इस पूरी प्रकिया के बाद अंतिम रूप में मतदाता सूची प्रकाशित की गई।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया‍ कि विधानसभा क्षेत्र सिरमौर में मतदाताओं की कुल संख्या 2 लाख 21 हजार 394 है, जिसमें पुरूष मतदाता एक लाख 17 हजार 86 और महिला मतदाता एक लाख 4 हजार 306 हैं। विधानसभा क्षेत्र में मतदान केन्द्रों की कुल संख्या 277, थर्ड जेंडर 2 और जेंडर रेशियो 891 है। विधानसभा क्षेत्र सेमरिया में मतदाताओं की कुल संख्या 2 लाख 20 हजार 642 है, जिसमें पुरूष मतदाता एक लाख 16 हजार 556 और महिला मतदाता एक लाख 4 हजार 86 हैं। विधानसभा क्षेत्र में मतदान केन्द्रों की कुल संख्या 283 और जेंडर रेशियो 893 है। विधानसभा क्षेत्र त्योंथर में मतदाताओं की कुल संख्या 2 लाख 12 हजार 733 है, जिसमें पुरूष मतदाता एक लाख 12 हजार 784 और महिला मतदाता 99 हजार 947 हैं। विधानसभा क्षेत्र में मतदान केन्द्रों की कुल संख्या 265, थर्ड जेंडर 2 और जेंडर रेशियो 886 है। विधानसभा क्षेत्र मनगवां में मतदाताओं की कुल संख्या 2 लाख 44 हजार 83 है, जिसमें पुरूष मतदाता एक लाख 29 हजार 561 और महिला मतदाता एक लाख 14 हजार 522 हैं। विधानसभा क्षेत्र में मतदान केन्द्रों की कुल संख्या 309 और जेंडर रेशियो 884 है। विधानसभा क्षेत्र रीवा में मतदाताओं की कुल संख्या 2 लाख एक हजार 294 है, जिसमें पुरूष मतदाता एक लाख 3 हजार 382 और महिला मतदाता 97 हजार 910 हैं। विधानसभा क्षेत्र में मतदान केन्द्रों की कुल संख्या 277, थर्ड जेंडर 2 और जेंडर रेशियो 947 है। विधानसभा क्षेत्र गुढ़ में मतदाताओं की कुल संख्या 2 लाख 27 हजार 159 है, जिसमें पुरूष मतदाता एक लाख 20 हजार 11 और महिला मतदाता एक लाख 7 हजार 148 हैं। विधानसभा क्षेत्र में मतदान केन्द्रों की कुल संख्या 296 और जेंडर रेशियो 893 है।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *