मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना अंतर्गत राशि अंतरण कार्यक्रम संपन्न

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना अंतर्गत राशि अंतरण कार्यक्रम संपन्न
रीवा 09 दिसम्बर 2025. मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव द्वारा जिला छतरपुर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की राशि का सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरण किया गया। मुख्यमंत्री जी के संदेश एवं योजना के उद्देश्यों को लेकर आयोजित यह प्रदेशव्यापी कार्यक्रम लाइव प्रसारण के माध्यम से समस्त जिलों में देखा गया। रीवा जिले के समस्त आंगनवाड़ी केन्द्रों एवं ग्राम पंचायतों में हितग्राही महिलाओं ने सामूहिक रूप से लाइव कार्यक्रम देखा और मुख्यमंत्री जी के उद्बोधन को सुना। महिलाओं ने इस योजना को उनके आर्थिक सशक्तिकरण के लिए एक मजबूत आधार बताया। कार्यक्रम में रीवा जिले की कुल 3,91,993 हितग्राही बहनों के बैंक खातों में 50.81 करोड़ रुपये की राशि का सफलतापूर्वक अंतरण किया गया। लाभ प्राप्त कर रही बहनों ने मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त किया तथा बताया कि यह योजना उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में निरंतर सहयोग प्रदान कर रही है। लाइव प्रसारण और हितग्राहियों की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला रीवा द्वारा सभी परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के सहयोग से व्यापक व्यवस्थाएँ की गईं। कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधियों, स्थानीय निकायों, सामाजिक संगठनों तथा ग्रामीण महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।