एसआईआर के संबंध में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक संपन्न

एसआईआर के संबंध में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक संपन्न
रीवा 08 दिसम्बर 2025. फोटो निर्वाचक नामावली के गहन पुनरीक्षण कार्य (एसआईआर) के संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती प्रतिभा पाल की अध्यक्षता में जिले के मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक संपन्न हुई।
कलेक्टेट के बाणसागर सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने जानकारी दी कि जिले में मतदान केन्द्रों में गणना पत्रकों का सौ प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य पूर्ण किया जा चुका है। जिले में मैपिंग की स्थिति काफी अच्छी है। जो अनमैप मतदाता है उनका सत्यापन कार्य किया जा रहा है। आगामी तीन दिनों तक अनमैप्ड, शिफ्टेड तथा छूटे हुए मतदाताओं की मैपिंग की जायेगी ताकि दावे आपत्ति के समय कम से कम मतदाता की आपत्तियाँ आयें। उन्होंने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपेक्षा की कि बीएलए की नियुक्ति करते हुए बीएलओ से छूटे हुए मतदाताओं की सूची प्राप्त करें तथा इनको मतदाता सूची में शामिल होने में सहयोग करें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि रीवा शहर में छूटे हुए मतदाता या ऐसे मतदाता जिनके नाम सूची में शामिल नहीं है उनके लिये चार स्थान निर्धारित किये गये हैं जहां से वह संबंधित जानकारी प्राप्त कर नाम जोड़ने की प्रक्रिया करा सकेंगे साथ ही हेल्पलाइन नं. में भी सभी प्रकार की जानकारी उपलब्ध कराई जायेगी। बैठक में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदाता के अद्यतन किये जाने तथा पात्र व्यक्तियों का सत्यापन व सूची में नाम दर्ज होने में सहयोग की अपेक्षा की गई। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुधीर कुमार बेक ने निर्धारित कार्यक्रम के संबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर जानकारी दी गई कि आयोग द्वारा अनुमोदित मतदान केन्द्रों के विवरण को अद्यतन किया जाकर अद्यतन सूची नि:शुल्क राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई है। बैठक में विभिन्न मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।