प्राकृतिक खेती के लिए गौपालन आवश्यक है – उप मुख्यमंत्री

प्राकृतिक खेती के लिए गौपालन आवश्यक है – उप मुख्यमंत्री
बसामन मामा गौअभ्यारण्य में 25 दिसंबर को होगा प्राकृतिक खेती सम्मेलन
बसामन मामा गौअभ्यारण्य के आसपास का क्षेत्र बनेगा प्राकृतिक खेती का केन्द्र – उप मुख्यमंत्री

रीवा 29 नवम्बर 2025. उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने बसामन मामा गौअभ्यारण्य का भ्रमण करते हुए कहा कि बसामन मामा गौअभ्यारण्य के आसपास का क्षेत्र विन्ध्य में प्राकृतिक खेती का केन्द्र बनेगा। प्राकृतिक खेती के लिए गौपालन आवश्यक है। कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए भी पशुपालन आवश्यक है। बसामन मामा गौअभ्यारण्य में 25 दिसंबर को स्वर्गीय प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी का जन्मदिन मनाया जायेगा। इस दिन अभ्यारण्य में प्राकृतिक खेती का सम्मेलन आयोजित किया जायेगा। इस सम्मेलन में कृषि विशेषज्ञ तथा प्राकृतिक खेती से जुड़े किसान भाग लेंगे। यह सम्मेलन क्षेत्र में प्राकृतिक खेती के विकास के प्रयासों को गति देगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बसामन मामा गौअभ्यारण्य में 8 हजार से अधिक निराश्रित गौवंश को आश्रय दिया गया है। इनके गोबर और गोमूत्र का उपयोग करके आसपास के क्षेत्र को रसायनिक खाद के उपयोग से मुक्त किया जा सकता है। गौअभ्यारण्य में प्राकृतिक खेती और जैविक खेती को बढ़ावा देने के साथ दूधारू पशुओं के नश्ल सुधार, महिला स्वसहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण पर भी बल दिया जा रहा है। गौअभ्यारण्य के पांचों प्रकल्प पूरी क्षमता से कार्य करके इसे आदर्श गौशाला बना रहे हैं। बसामन मामा गौअभ्यारण्य आसपास के क्षेत्रों के लिए प्राकृतिक खेती का केन्द्र बनेगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 दिसंबर को अटल जी के जन्मदिन पर एक विशाल कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसकी सभी तैयारियां समय पर पूरी कर लें। निर्माणाधीन भोजन शाला का निर्माण अद्र्धसंवर्धन अनिवार्य रूप से पूरा करायें। गौअभ्यारण्य में बिजली की निर्बाध आपूर्ति की व्यवस्था करें। विद्युत सबस्टेशन का निर्माण कार्य स्वीकृत हो गया है। एसडीएम सिरमौर तत्काल निर्माण कार्य के लिए जमीन उपलब्ध करायें। विद्युत मंडल के अधिकारी तत्काल निर्माण कार्य दो माह में चालू करायें।
उप मुख्यमंत्री ने गौशाला का भ्रमण कर निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उप मुख्यमंत्री ने पानी की आपूर्ति, परिसर की साफ-सफाई तथा सौन्दर्यीकरण के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिये। इसके बाद उप मुख्यमंत्री ने ग्राम पुरवा में पंचमुखी हनुमना जी के निर्माणाधीन मंदिर का अवलोकन किया। इसका निर्माण सामजसेवी मनोज शुक्ला द्वारा कराया जा रहा है। इसके बाद उप मुख्यमंत्री ने बसामन मामा धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र के विकास और कल्याण की कामना की। इस अवसर पर एसडीएम सिरमौर दृष्टि जायसवाल, कार्यपालन यंत्री हाउसिंग बोर्ड अनुज प्रताप सिंह, श्री अभय जयरामदास, आशीष शुक्ला तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *