बहुती पी.एच-2 क्लस्टर के 17 ग्रामों में पाइप नेटवर्क के माध्यम से होगी सिंचाई

बहुती पी.एच-2 क्लस्टर के 17 ग्रामों में पाइप नेटवर्क के माध्यम से होगी सिंचाई
जिला स्तरीय क्रियान्वयन कमेटी की बैठक संपन्न
सिचित होने वाले क्षेत्रों के किसानों को कृषि व उद्यानिकी फसलों के उत्पादन के लिये जागरूक करें – कलेक्टर

रीवा 28 नवम्बर 2025. जल शक्ति मंत्रालय भारत सरकार द्वारा रीवा जिले में पम्प हाउस एवं प्रेस राइज्ड पाइप सिंचाई नेटवर्क के माध्यम से 10 ग्राम पंचायतों के 17 ग्रामों में सिंचाई की सुविधा प्रदान की जायेगी। यह योजना बहुती पी.एच-2 क्लस्टर में 63.20 करोड़ रूपये की लागत से 3160 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा मुहैया करायेगी। स्वीकृति राशि में से 60 प्रतिशत राशि जल शक्ति मंत्रालय भारत सरकार द्वारा प्रदान की जायेगी।

परियोजना के तहत जिले के चयनित क्लस्टर के विभिन्न कार्यों के क्रियान्वयन, अनुश्रवण व समीक्षा के उद्देश्य से गठित जिला स्तरीय क्रियान्वयन समिति की बैठक कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। कलेक्टर ने निर्देश दिये कि सिंचाई क्षेत्र के किसानों को कृषि व उद्यानिकी फसलों के उत्पादन के लिये विभागीय अधिकारी जागरूक करें तथा Ïस्प्रकलर के माध्यम से सिंचाई कार्य के लिये प्रोत्साहित करें।
कलेक्ट्रेट के बाणसागर सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने कहा कि किसानों को प्रशिक्षण देकर उत्पादन में वृद्धि के प्रयास किये जायें। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों व स्वयं सेवी संगठनों के प्रतिनिधियों को भी सिंचाई सुविधा प्राप्त कर किसानों को उन्नत व अत्याधुनिक फसलों के लिये प्रोत्साहित करने के लिये सहभागी बनायें।

बैठक में अधीक्षण यंत्री जल संसाधन विभाग मनोज तिवारी ने बताया कि इस योजना से धौखरी (299), धौखरी (300), गेरूई, कस्तरा, शुकुलगवां, किटहा, धौखरा (290), सहिजना, पतेरी (344), पतेरी (346), अमिलकी, बांसा, मडवा, गहिरा, टीकर, सुपिया तथा शिवपुर्वा ग्रामों के किसानों को पाइपलाइन के माध्यम से सिंचाई की सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, एसडीएम हुजूर अनुराग तिवारी, अधीक्षण यंत्री मनोज तिवारी, सहित कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारी तथा सिंचाई विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *