रोजगार और स्वरोजगार के शत-प्रतिशत लक्ष्य 15 नवम्बर तक पूरे करें – कमिश्नर
रोजगार और स्वरोजगार के शत-प्रतिशत लक्ष्य 15 नवम्बर तक पूरे करें – कमिश्नर
बैंकर्स गरीबों के स्वरोजगार प्रकरणों को सकारात्मक दृष्टि से निराकृत करें – कमिश्नर
गरीबों के आर्थिक विकास में बाधा डालने वाले होंगे दण्डित – कमिश्नर
रीवा 04 नवम्बर 2025. रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में संभागीय रोजगार मेले की तैयारियों की समीक्षा की। कमिश्नर ने कहा कि शासन की स्वरोजगार योजनाएं गरीबों को आर्थिक विकास का अवसर देती हैं। गरीब छोटा सा व्यवसाय शुरू करके पूरे परिवार की आजीविकास चलाने के साथ आर्थिक विकास की राह में कदम बढ़ा देता है। शासन की विभिन्न योजनाओं से हितग्राहियों को स्वरोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं। बैंकर्स संभागीय रोजगार मेले को ध्यान में रखते हुए स्वरोजगार तथा रोजगार से जुड़े सभी प्रकरण 15 नवम्बर तक स्वीकृत करके शत-प्रतिशत लक्ष्यपूर्ति सुनिश्चित करें। अधिकारी और बैंकर्स गरीबों की मदद और कल्याण के लिए ही तैनात हैं। बैंकर्स स्वरोजगार के प्रकरणों को सकारात्मक दृष्टि और सेवाभाव से निराकृत करें।
कमिश्नर ने कहा कि संभागीय रोजगार मेला संभाग भर के गरीबों के लिए बहुत बड़ा अवसर है। इसके माध्यम से 50 हजार से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा रहा है। रोजगारमूलक और स्वरोजगार की सभी योजनाओं के लक्ष्य रोजगार मेले तक पूरे हो जाएंगे। अधिकारियों और बैंकर्स की छोटी सी मदद से गरीब को विकास के बड़े अवसर मिल जाएंगे। स्वरोजगार प्रकरणों में यदि किसी तरह की कमी है तो संबंधित विभाग के अधिकारी और हितग्राही से संपर्क करके कमी को दूर कराएं। बैंकर्स प्रकरणों को लम्बे समय तक लटकाकर रखने और मनमर्जी से रिजेक्ट करने की प्रवृत्ति से बचें। हर निरस्त प्रकरण की समीक्षा की जाएगी। यदि निरस्त करने का कोई ठोस कारण नहीं पाया गया तो बैंकर्स के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। स्वरोजगार प्रकरणों की कठिनाई को अधिकारी और बैंकर्स समन्वय से दूर करें।
कमिश्नर ने कहा कि उद्यम क्रांति योजना और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के सभी प्रकरण एक सप्ताह में स्वीकृत कर दें। प्रकरणों के स्वीकृत करने में किसी भी तरह की कठिनाई होने पर बैंकर्स अग्रणी बैंक प्रबंधक और संबंधित अधिकारी को अवगत कराएं। बैंकर्स गरीब हितग्राही को दो मिनट का समय देकर उसे प्रकरण तथा आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दे देंगे तो उसका भला हो जाएगा। कमिश्नर ने इंडियन बैंक, स्टेट बैंक आफ इंडिया मध्याचंल बैंक तथा बैंक ऑफ बड़ौदा को स्वरोजगार प्रकरणों में लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी। बैठक में कृषि विभाग, उद्यानिकी, नगरीय निकाय, उद्योग विभाग, अन्त्यावसायी सहकारी समिति, ट्राईबल, पिछड़ावर्ग कल्याण विभाग, आजीविका मिशन, कुटीर और ग्रामीण उद्योग, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना तथा अन्य विभागों के स्वरोजगार प्रकरणों की बैंकवार समीक्षा की गई।
बैठक में कलेक्टर रीवा श्रीमती प्रतिभा पाल ने कहा कि अधिकारी और बैंकर्स सात दिवस में सभी लंबित प्रकरण निराकृत करें। रोजगार मेले से अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित करने का प्रयास करें। बैठक में कलेक्टर मऊगंज संजय कुमार जैन ने कहा कि तय समय सीमा में सभी स्वरोजगार और रोजगार प्रकरणों का निराकरण कर लिया जाएगा। बैंकर्स प्रतिदिन स्वरोजगार प्रकरणों का निराकरण करें। बैठक में उप संचालक रोजगार अनिल दुबे ने स्वीकृत प्रकरणों की बैंकवार जानकारी दी। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, अग्रणी बैंक प्रबंधक रीवा और मऊगंज, महाप्रबंधक उद्योग जेपी तिवारी, संयुक्त आयुक्त सुदेश मालवीय, संयुक्त संचालक शहरी विकास अभिकरण मयंक वर्मा, संयुक्त संचालक पशुपालन डॉ डीएस बघेल, विकास विभाग से जुड़े सभी अधिकारी तथा बैंकर्स उपस्थित रहे।