सरदार पटेल के व्यक्तित्व व कृतित्व से प्रेरणा लेकर दृढ़ इच्छा शक्ति के साथ लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है – उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल

सरदार पटेल के व्यक्तित्व व कृतित्व से प्रेरणा लेकर दृढ़ इच्छा शक्ति के साथ लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है – उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल
सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर विचार गोष्ठी का आयोजन संपन्न

रीवा 31 अक्टूबर 2025. उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल के व्यक्तित्व व कृतित्व से प्रेरणा लेकर दृढ़ इच्छा के साथ लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। सरदार पटेल ने स्वतंत्रता के बाद भारत की रियासतों का विलय कराया। उनके इस फौलादी निर्णय से ही उन्हें लौह पुरूष कहा जाता है। उप मुख्यमंत्री समान चौराहा रीवा में आयोजित विचार गोष्ठी में शामिल हुए।

लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने श्री पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनका स्मरण किया। विचार गोष्ठी में श्री शुक्ल ने कहा कि हमें लंबे संघर्ष के बाद आजादी प्राप्त हुई। सरदार पटेल ने देश को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया। उनके इस निर्णय से देश में एकता एवं अखण्डता को अक्षुण्ण बनाए रखने का मार्ग प्रशस्त हुआ। श्री शुक्ल ने कहा कि हमारा देश आने वाले समय में विश्वगुरू बनकर विश्व का नेतृत्व करेगा और सम्पूर्ण विश्व में शांति स्थापित होगी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आपरेशन सिंदूर ने भारत का मस्तक गर्व से ऊंचा किया है। आज रीवा के लिए गर्व का दिन है जबकि देश की सेना के दो महानायक यहाँ हैं। श्री शुक्ल ने कहा कि आगामी वर्ष में एकता दिवस के अवसर पर समान चौराहा में और भी भव्य कार्यक्रम का आयोजन होगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने कहा कि सरदार पटेल का कृतित्व हमेशा अमर रहेगा। उनके यश, पौरूष को इतिहास हमेशा याद रखेगा। इस अवसर पर विधायक मनगवां इंजीनियर नरेन्द्र प्रजापति, अध्यक्ष नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय, जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता सहित बड़ी संख्या में संभ्रांतजन उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *