महिला सशक्तिकरण के प्रति बालिकाओं में जागरूकता बढ़ाने हेतु विविध कार्यक्रमों का हुआ आयोजन

महिला सशक्तिकरण के प्रति बालिकाओं में जागरूकता बढ़ाने हेतु विविध कार्यक्रमों का हुआ आयोजन
रीवा 08 अक्टूबर 2025.महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमन एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बदरांव में महिला सशक्तिकरण, बालिकाओं के अधिकार एवं शासन की योजनाओं के प्रति जागरूकता लाने हेतु एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की बालिकाओं, शिक्षिकाओं एवं वन स्टॉप सेंटर के स्टाफ सदस्यों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता, लैंगिक समानता एवं शासन द्वारा महिलाओं के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी प्रदान करना था, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग होकर समाज में सशक्त भूमिका निभा सकें। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य आर. के. जैन ने छात्राओं को महिला सशक्तिकरण की महत्ता बताते हुए कहा कि आज की बालिकाएँ भविष्य की राष्ट्र निर्माता हैं। उन्हें शिक्षा के माध्यम से न केवल अपने जीवन को संवारना है, बल्कि समाज में समानता और सशक्तिकरण की दिशा में भी अग्रसर होना है। वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक श्रीमती श्रुति मिश्रा ने बालिकाओं को विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने छात्राओं को बताया कि महिला सशक्तिकरण का वास्तविक अर्थ केवल आर्थिक स्वतंत्रता नहीं, बल्कि आत्मसम्मान, निर्णय लेने की क्षमता और सामाजिक समानता में भागीदारी से जुड़ा हुआ है। कार्यक्रम में सृजनात्मकता और आत्म-अभिव्यक्ति को प्रोत्साहन देने हेतु रंगोली, मेंहदी एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सभी विजेता छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती नेहा, तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के वन स्टॉप सेंटर स्टाफ सदस्य एवं कु. रेखा चतुर्वेदी एवं श्रीमती सलमा द्वारा सक्रिय सहयोग प्रदान किया गया। सभी उपस्थितजनों ने बालिकाओं के आत्मविश्वास एवं सृजनात्मकता की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने यह संकल्प लिया कि वे अपने जीवन में शिक्षा, आत्मनिर्भरता, सम्मान और समानता के मूल्यों को अपनाते हुए समाज में एक सशक्त पहचान स्थापित करेंगी।