मुख्य सचिव ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से भावांतर योजना के संबंध में दिए निर्देश

मुख्य सचिव ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से भावांतर योजना के संबंध में दिए निर्देश
भावांतर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं – मुख्य सचिव
रीवा 01 अक्टूबर 2025. मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को सोयाबीन खरीदी के लिए लागू भावांतर योजना के संबंध में निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि योजना का लाभ उठाने के लिए किसानों का पंजीयन 3 अक्टूबर से 17 अक्टूबर तक किया जा रहा है। सोयाबीन का उपार्जन 24 अक्टूबर से 15 जनवरी 2026 तक किया जाएगा। किसानों को उपज का अधिकतम दाम देने के लिए भावांतर योजना अत्यंत लाभकारी है। कलेक्टर और कृषि विभाग के अधिकारी भावांतर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं। सभी पात्र किसानों का पंजीयन कराएं जिससे किसान योजना का लाभ उठा सकें। प्रदेश भर में 2 अक्टूबर को आयोजित की जा रही विशेष ग्राम सभाओं में नोडल अधिकारी तथा कृषि विभाग के अधिकारी भावांतर योजना की जानकारी दें। सभी मण्डी परिसरों में भावांतर योजना की जानकारी देने वाले होर्डिंग तत्काल लगवाएं। प्रिंट मीडिया तथा सोशल मीडिया में भी भावांतर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं। सभी कलेक्टर जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित करके योजना की जानकारी दें। किसान तक सही कम्युनिकेशन होगा तभी योजना का प्रभावी क्रियान्वयन होगा।
मुख्य सचिव ने कहा कि 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। इस अवधि में कार्यालयों, सभी महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों की विशेष साफ-सफाई कराएं। इसके साथ-साथ कार्यालयों की अनुपयोगी सामग्री को भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्यालय से हटाएं। साथ ही लोक सेवा गारंटी योजना का कठोरता से पालन करते हुए आमजनता को वांछित गतिविधियाँ तय समय सीमा में उपलब्ध कराएं। कार्यालय में लंबित आवेदन पत्रों, शिकायतों तथा अन्य कार्यों को भी इस अवधि में पूरा कराएं। बैठक में अपर मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल ने भावांतर योजना की जानकारी दी। कमिश्नर कार्यालय से वीडियो कान्फ्रेंसिंग में कमिश्नर बीएस जामोद, संयुक्त आयुक्त दिव्या त्रिपाठी, प्रभारी संयुक्त संचालक कृषि प्रीति द्विवेदी तथा कलेक्ट्रेट के एनआईसी केन्द्र से कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर, उप संचालक कृषि यूपी बागरी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।