लीवर से संबंधित सभी इलाज संजय गांधी अस्पताल में होंगे – उप मुख्यमंत्री

श्यामशाह चिकित्सा महाविद्यालय के संजय गांधी अस्पताल में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की तरह मिलेगी चिकित्सीय सुविधाएँ – उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल
लीवर से संबंधित सभी इलाज संजय गांधी अस्पताल में होंगे – उप मुख्यमंत्री
एनसीएल द्वारा सीएसआर मद से 6.4 करोड़ रूपये की मशीनें मिलेंगी
सेवा पखवाड़ा में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार के तहत आयोजित हो रहे हैं शिविर – उप मुख्यमंत्री
रीवा 28 सितम्बर 2025. उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि श्यामशाह चिकित्सा महाविद्यालय के संजय गांधी अस्पताल में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की तरह मरीजों को चिकित्सीय सुविधाएँ मिलेंगी। गैस्ट्रोलॉजी विभाग में अत्याधुनिक मशीनों के उपलब्ध हो जाने से लीवर संबंधित सभी इलाज संजय गांधी अस्पताल में होंगे और मरीजों को बाहर नहीं जाना पड़ेगा। संजय गांधी अस्पताल के मेडिसीन विभाग में संचालित गैस्ट्रोलॉजी और हेपेटोलॉजी, इंटरवेंशन, एंडोस्कोपी डिवीजन के लिए एनसीएल से 6.4 करोड़ रूपये के अनुबंध पर हस्ताक्षर किये गये।
संजय गांधी अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लीवर से जुड़ी बीमारियों के लिए मरीजों को सुविधाएं देने की शुरूआत हो गयी है। आने वाले दिनों में सभी संसाधनों की पूर्तिकर आवश्यक उपकरण/मशीनों की उपलब्धता हो जाने से लीवर से संबंधित सभी प्रकार के इलाज होने लगेंगे और लोगों को बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा में पदस्थ चिकित्सक पूरे मनोयोग से कार्य कर रहे हैं। उन्हें उपकरण व संसाधन मुहैया कराये जा रहे हैं। डॉक्टरों की इच्छाशक्ति से ही हमें कार्य करने का प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अब रीवा में सभी प्रकार की बीमारियों का इलाज हो रहा है और अब रीवा से मरीजों को बाहर रेफर नहीं किया जाता। श्री शुक्ल ने कहा कि अन्य प्रदेशों में पदस्थ चिकित्सक भी रीवा आने में रूचि ले रहे हैं। हमारा संकल्प है कि रीवा मेडिकल हब बनें। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज तथा उससे संबंद्ध चिकित्सालय में 322 करोड़ रूपये की लागत से नवीनीकरण तथा डॉक्टर्स कालोनी का निर्माण का कार्य करायें जायेंगे। प्रदेश के सभी संभागीय मुख्यालयों के चिकित्सालयों को भी पर्याप्त धन राशि से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाया जा रहा है ताकि वहां सभी प्रकार की चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध रहें और मरीजों को बाहर न जाना पड़े। उप मुख्यमंत्री ने एनसीएल सिंगरौली को पुनीत कार्य के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि एनसीएल द्वारा रीवा में नैकनिहाई शौर्य स्मारक के पुर्नरूद्धार कार्य के लिए भी एक करोड़ रूपये दिये गये हैं। एनसीएल स्वास्थ्य, पर्यावरण तथा सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के लिए मदद कर रहा है जो बधाई के पात्र हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा पखवाड़ा के स्वस्थ नारी सशक्त परिवार की थीम पर महिलाओं की जांच की जा रही है। इसके साथ ही किशोरी बालिकाओं का स्वस्थ्य परीक्षण भी किया जा रहा है।
इस अवसर पर सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने कहा कि एनसीएल द्वारा सीएसआर मद से जो धन राशि दी जा रही है वह स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बड़ी उपलब्धि है। रीवा में उप मुख्यमंत्री जी के प्रयासों से चिकित्सा के क्षेत्र में सुविधाओं में तेजी से वृद्धि हुई है। अब ऐसी कोई भी बीमारी नहीं है जिसका इलाज रीवा में न हो सके। उन्होंने कोरोना काल में रीवा के डॉक्टर्स व चिकित्सा स्टाफ द्वारा किये गये सेवाभाव की प्रशंसा की। रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद ने कहा कि प्रधानमंत्री जी का संकल्प उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल के नेतृत्व में किये जा रहे चहुमुखी विकास से पूरा हो रहा है। उन्होंने कहा कि रीवा में चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उप मुख्यमंत्री जी के प्रयासों से ही चिकित्सकों, उपकरणों, संसाधनों तथा स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित हो रही है।
इससे पूर्व एनसीएल के जीएम राजीव रंजन ने बताया कि उप मुख्यमंत्री जी के निर्देश पर 4 माह से भी कम समय में प्रशासनिक प्रक्रियाओं की पूर्ति कराते हुए सीएसआर मद से 6.4 करोड़ रूपये स्वीकृत किये गये हैं। हमारा प्रयास है कि इसी वित्तीय वर्ष में इस राशि का उपयोग हो। डीन मेडिकल कॉलेज डॉ. सुनील अग्रवाल ने कहा कि गैस्ट्रोलॉजी में उपकरणों के प्राप्त हो जाने से मरीजों को सुविधा मिलेगी। उप मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में रीवा को मेडिकल हब बनाने के लिए हम सब कृत संकल्पित हैं। डॉ. मनोज इंदुलकर ने कहा कि वर्ष 2018 में प्रारंभ की गई पहल अब पूर्ण होने जा रही है। डॉ. एमएच उसमानी ने जानकारी देते हुए बताया कि 6.4 करोड़ रूपये से प्राप्त होने वाली मशीनों से लीवर से संबंधित इलाज आसानी से किये जा सकेंगे। आने वाले समय में गैस्ट्रोलॉजी के उच्चतर पाठ¬क्रम भी रीवा में प्रारंभ हो जायेंगे। आभार प्रदर्शन विभागाध्यक्ष मेडिसिन डॉ. पीके बघेल ने किया। कार्यक्रम में अधीक्षक डॉ. राहुल मिश्रा, डॉ. प्रदीप निगम, डॉ. अनुराग चौरसिया, एनसीएल के शाजिद नसीम सहित महाविद्यालय के चिकित्सक तथा विद्यार्थी व गणमान्य जन उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री ने रिसर्च लैब का किया उद्घाटन :- उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने श्यामशाह चिकित्सा महाविद्यालय के शरीर क्रिया विज्ञान विभाग के रिसर्च लैब का फीता काटकर उद्घाटन किया।