बैंक अधिकारी व विभागीय अधिकारी समन्वय बनाकर सकारात्मक सोच के साथ रोजगार व स्वरोजगार से संबंधित प्रकरणों का निराकरण करें – कमिश्नर

बैंक अधिकारी व विभागीय अधिकारी समन्वय बनाकर सकारात्मक सोच के साथ रोजगार व स्वरोजगार से संबंधित प्रकरणों का निराकरण करें – कमिश्नर

रीवा 25 सितम्बर 2025. कमिश्नर बीएस जामोद ने बैंक अधिकारियों व विभागीय अधिकारियों से कहा है कि समन्वय बनाकर टीम भावना के साथ सकारात्मक सोच रखते हुए रोजगार व स्वरोजगार के हितग्राहियों को लाभ प्रदान करें। उन्होंने कहा कि युवाओं के रोजगार के प्रकरणों तथा हितग्राहियों के शासकीय योजनाओं से लाभ प्राप्त करने वाले प्रकरणों में तत्परता से स्वीकृति देकर वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं।
कमिश्नर कार्यालय में बैंकर्स व विभागीय अधिकारियों की बैठक में कमिश्नर ने कहा कि अक्टूबर माह के अंतिम सप्ताह में रीवा में संभागीय रोजगार मेले का आयोजन प्रस्तावित है। रोजगार मेले में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की उपस्थिति में रोजगार व स्वरोजगार के प्रकरणों की स्वीकृति के उपरांत हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है, जिसके माध्यम से रोजगार व स्वरोजगार के हितग्राही अपने पैरों पर खड़े हो पाने सक्षम होंगे। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी योजनाओं के प्रकरण बैंकों में प्रस्तुत करते हुए प्रो एक्टिव होकर स्वीकृत कराने का कार्य करें साथ ही बैंकर्स प्रस्तुत प्रकरणों को स्वीकृति दें ताकि सभी प्रकरणों में लाभान्वितों को मुख्यमंत्री जी की उपस्थिति में हितलाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों में कुछ कमियाँ हैं उन्हें दूर कराकर स्वीकृत करें। अनावश्यक प्रकरणों में विलंब व प्रकरणों के लौटाए जाने की कार्यवाही न करें।
कमिश्नर ने कहा कि रोजगार मेले में 50 हजार से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। महिला स्वसहायता समूहों के बैंक लिंकेज व ऋण अनुदान के प्रकरण लक्ष्य के अनुरूप दर्ज करें। मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि योजना सहित अन्य योजनाओं से स्वीकृत ऋण प्रकरणों में ऋण राशि का वितरण रोजगार मेले में किया जाएगा। सभी संभागीय अधिकारी अपने अधीनस्थ जिला अधिकारियों से समन्वय बनाकर लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करें ताकि रोजगार मेले में हितग्राहियों को लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि संभाग स्तर पर गूगल शीट के माध्यम से बैंक के ब्राांचवार प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। बैठक में यूनियन बैंक के डीजीएम अजय खरे ने कहा कि स्वसहायता समूह के सभी प्रकरणों तथा अन्य शासकीय योजनाओं के प्रस्तुत प्रकरणों का तत्परता से स्वीकृति देकर वितरण के कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि रोजगार मेले के आयोजन के पूर्व प्रस्तुत प्रकरणों में स्वीकृति दिला दी जाएगी जिससे अधिक से अधिक संख्या में हितग्राहियों को रोजगार मेले में रोजगार मिल सके। बैठक में संयुक्त आयुक्त सुदेश मालवीय, उपायुक्त एलएल अहिरवार, संयुक्त आयुक्त दिव्या त्रिपाठी सहित संभाग के जिलों के अग्रणी जिला प्रबंधक तथा विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *