रीवा को चिकित्सा के क्षेत्र में मिलेगी एक और सौगात मेडिकल कॉलेज में दन्त चिकित्सा का पीजी कोर्स शीघ्र शुरू होगा – उप मुख्यमंत्री
रीवा को चिकित्सा के क्षेत्र में मिलेगी एक और सौगात
मेडिकल कॉलेज में दन्त चिकित्सा का पीजी कोर्स शीघ्र शुरू होगा – उप मुख्यमंत्री

रीवा 22 सितम्बर 2025. उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि रीवा को चिकित्सा के क्षेत्र में एक और सौगात शीघ्र ही मिलेगी। मेडिकल कॉलेज में दन्त चिकित्सा का पोस्ट ग्रेजुएट पाठ¬क्रम शीघ्र ही शुरू होगा। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में दन्त चिकित्सा के वरिष्ठ चिकित्सक हैं किंतु यहां पीजी का पाठ¬क्रम नहीं है। मेडिकल कॉलेज द्वारा तत्संबंध में प्रस्ताव शासन को प्रेषित किया गया है। मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया से अनुमति दिलाकर शीघ्र ही पीजी पाठ¬क्रम शुरू किया जायेगा। विद्यार्थी पोस्ट ग्रेजुएट कर दांत के रोगियों को समुचित चिकित्सा सेवा दे सकेंगे साथ ही नगरीय व ग्रामीण स्वास्थ्य केन्द्रों में भी दन्त चिकित्सकों के पदों की पूर्ति भी सुनिश्चित हो सकेंगी।

उप मुख्यमंत्री ने किया कन्या पूजन
रीवा 22 सितम्बर 2025. उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने सिंधु भवन में आयोजित कार्यक्रम में कन्या पूजन किया। उन्होंने कहा कि कन्यायें देवी का स्वरूप होती हैं। बेटियों का सम्मान और उनके विकास को बढ़ावा देकर सरकार महिला सशक्तीकरण सहित अन्य कार्य कर रही है। उन्होंने नवरात्रि पर्व पर सभी को शुभकामना देते हुए कहा कि देवी माता हम सबको सुख, समृद्धि, नई ऊर्जा और शक्ति दें। हम सब उल्लास के साथ नवरात्रि मनाते हुए देश के विकास में सहभागी बनें। उप मुख्यमंत्री ने सिंधु यूथ विंग द्वारा आयोजित कन्या पूजन कार्यक्रम की प्रशंसा की। कार्यक्रम में साहित्यकार घनश्याम बेलानी की पुस्तक का विमोचन किया गया। इस दौरान अध्यक्ष नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय सहित सिंधु समाज के गणमान्यजन उपस्थित रहे।