जिले के 2397 आंगनवाड़ी केन्द्रों में आयोजित हुए पोषण जागरूकता कार्यक्रम

सेवा पखवाड़े में महिला एवं बाल विकास विभाग ने लगाई पोषण प्रदर्शनी
जिले के 2397 आंगनवाड़ी केन्द्रों में आयोजित हुए पोषण जागरूकता कार्यक्रम
रीवा 17 सितम्बर 2025. सेवा पखवाड़े में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के प्रथम दिन स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला चिकित्सालय में आयोजित वृहद स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान में शिविर का आयोजन किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा शिविर स्थल में पोषण प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस संबंध में जिला कार्यक्रम अधिकारी नयन सिंह ने बताया कि पोषण प्रदर्शनी स्थल पर सांसद द्वारा सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में विधायक मनगवां श्री नरेन्द्र प्रजापति, श्री राजेश पाण्डेय, डॉ अजय सिंह, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजीव शुक्ला, सिविल सर्जन डॉ प्रतिभा मिश्रा तथा बड़ी संख्या में महिलाएं एवं आमजन उपस्थ्ति रहे। कार्यक्रम में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के शुभारंभ अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के उद्बोधन का सजीव प्रसारण दिखाया गया। जिले भर में 11 महिला एवं बाल विकास विभाग परियोजनाओं के 84 सेक्टरों में 2397 आंगनवाड़ी केन्द्रों में पोषण जागरूकता के कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि सेवा पखवाड़े के प्रथम दिन सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों में भी पोषण प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। परियोजना गंगेव-2, आंगनवाड़ी केन्द्र रौसर, आंगनवाड़ी केन्द्र रीवा तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में आयोजित शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण प्रदर्शनी और पोषण जागरूकता के लिए रंगोली का निर्माण किया गया। इसमें विभाग की पर्यवेक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और आशा कार्यकर्ताओं ने भागीदारी निभाई। रीवा और मऊगंज जिले के सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों में पोषण प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से गर्भवती महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य की जाँच की गई। हितग्राहियों की आभा आईडी एवं अपार आईडी बनाने के लिए शिविर लगाए गए। किशोरियों की एनीमिया की जाँच कराकर उन्हें आयरन और फोलिक एसिड की दवा का वितरण किया गया।