कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल की अध्यक्षता में सर्व शिक्षा अभियान पीएम पोषण योजना, खाद्यान्न उपलब्धता एवं मध्यान्ह भोजन वितरण की समीक्षा की गई।

रीवा 28 अगस्त 2025
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल की अध्यक्षता में सर्व शिक्षा अभियान पीएम पोषण योजना, खाद्यान्न उपलब्धता एवं मध्यान्ह भोजन वितरण की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिये कि विद्यालयों में वितरित होने वाले मध्यान्ह भोजन के नियमित वितरण के साथ ही गुणवत्ता का संबंधित अधिकारी भ्रमण कर निरीक्षण करें तथा मीनू के अनुसार मध्यान्ह भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित करायें।
कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिये कि डीपीसी, बीआरसी सहित मध्यान्ह भोजन प्रभारी व क्वालिटी मानीटर सप्ताह में पांच दिन विद्यालयों का भ्रमण करें तथा नियमित व गुणवत्तापूर्ण वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करायें। उन्होंने कहा कि मध्यान्ह भोजन वितरित करने वाले स्वसहायता समूहों का ओरियेंटेशन कार्यक्रम भी आयोजित करें। सभी विद्यालयों में स्वसहायता समूह ही एमडीएम का वितरण करें। रायपुर कर्चुलियान में महिला स्वसहायता समूह का प्रस्ताव शेष रहने पर बीएसी को निलंबित करने तथा बीआरसी को नोटिस जारी करने के निर्देश कलेक्टर द्वारा दिये गये। पीएम पोषण कार्यक्रम में नियमित निरीक्षण न किये जाने पर बीआरसी सिरमौर व रायपुर कर्चुलियान को नोटिस जारी करने हेतु निर्देशित किया गया।
बैठक में एक पेड़ माँ के नाम अभियान अन्तर्गत विद्यालयों में वृक्षारोपण कार्य पूर्ण न होने पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने तीन दिवस में शेष विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कराने के निर्देश दिये। बैठक में विद्यालयों के जर्जर एवं क्षतिग्रस्त भवनों को तत्काल गिराये जाने की कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया तथा ऐसे भवनों में कक्षाएँ संचालित न करने के निर्देश दिये गये। विद्यालयों में शौचालय मरम्मत कार्य भी समीक्षा के दौरान रीवा एवं गंगेव जनपद में प्रगति कम रहने पर अप्रसन्नता व्यक्त की गई तथा सर्व शिक्षा अभियान के उपयंत्री का वेतन काटने के निर्देश दिये गये। इस दौरान व्हीईआर सर्वे करने तथा सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के शत प्रतिशत निराकरण के निर्देश भी दिये गये। बैठक में साइकिल वितरण व पाठ¬ पुस्तक वितरण की समीक्षा के दौरान पाठ¬ पुस्तकों के शत प्रतिशत वितरण के निर्देश दिये गये तथा विद्यालयों में विद्यार्थियों के नामांकन की जानकारी प्राप्त की गई। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर, डीपीसी विनय मिश्रा, समस्त बीआरसी, उपयंत्री, सर्व शिक्षा अभियान के अधिकारी, कर्मचारी तथा जिला पंचायत एसडीएम प्रभारी राकेश शुक्ल उपस्थित रहे।