रोजगार मेले में 10 हजार हितग्राहियों को लाभान्वित करने की तैयारी करें – कलेक्टर

सभी विभाग 10 सितम्बर तक अनिवार्य रूप से ए ग्रेड में आएं – कलेक्टर
रोजगार मेले में 10 हजार हितग्राहियों को लाभान्वित करने की तैयारी करें – कलेक्टर

रीवा 25 अगस्त 2025. कलेक्ट्रेट सभगार में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने सीएम हेल्पलाइन तथा टीएल पत्रों के निराकरण की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि अगस्त माह में कई अधिकारियों ने सीएम हेल्पलाइन में प्रकरणों का बड़ी संख्या में निराकरण करके अच्छा कार्य किया है। अधिकारी स्वयं प्रकरणों को देखकर उनमें तथ्यपरक प्रतिवेदन दर्ज करें। अभी भी ऊर्जा विभाग, गृह विभाग, नगर निगम, खाद्य विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, वित्त विभाग, सामाजिक न्याय विभाग, श्रम विभाग सहित कई विभाग रैंकिंग में डी श्रेणी में हैं। सभी अधिकारी प्रकरणों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण करके 10 सितम्बर तक विभाग की ग्रेडिंग ए करें। इसके बाद तय समय सीमा में ए ग्रेड में न होने पर संबंधित अधिकारी के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी। सभी एसडीएम राजस्व विभाग की शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करें। कार्यपालन यंत्री ऊर्जा बिजली बिलों में सुधार की शिकायतों के निराकरण के लिए शिविर लगाएं। अगस्त माह की शिकायतों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें।

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि अक्टूबर माह में रीवा में राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें संभाग के 50 हजार से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। रीवा जिले के 10 हजार हितग्राही विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं से लाभान्वित किए जाएंगे। हितग्राही मूलक योजनाओं से जुड़े सभी अधिकारी हितग्राहियों का चयन करके 10 दिवस में प्रकरण तैयार कर बैंकों में प्रस्तुत कर दें। इसके बाद अग्रणी बैंक प्रबंधक हर सप्ताह स्वरोजगार प्रकरणों का निराकरण कराकर रोजगार मेले में वितरण की तैयारी कराएं। सभी स्वरोजगार योजनाओं के शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा कराएं। निजी कंपनियों में रोजगार के अवसर प्राप्त करने के इच्छुक हितग्राहियों की भी सूची तैयार कर लें। रोजगार मेले में बड़ी संख्या में निजी कंपनियाँ भी शामिल होंगी। कलेक्टर ने कहा कि 26 अगस्त को दोपहर बाद 3 बजे से राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष कलेक्ट्रेट सभागार में पिछड़ावर्ग के कल्याण के लिए लागू योजनाओं की समीक्षा करेंगे। सभी संबंधित अधिकारी अद्यतन जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित रहें।
बैठक में आयुक्त नगर निगम डॉ सौरभ सोनवड़े ने कहा कि सभी सीएमओ शहरी आवास योजना के पात्र हितग्राहियों के प्रस्ताव तीन दिवस में प्रस्तुत कर दें। सभी एसडीएम धारणाधिकार योजना के तहत दर्ज आवेदनों का निराकरण कर दें जिससे पात्र हितग्राहियों को आवास योजना का लाभ दिया जा सके। धारणाधिकार के आवेदन लोक सेवा केन्द्र तथा कॉमन सर्विस सेंटर से दर्ज कराएं। सभी एसडीएम आवास योजना के हितग्राहियों के नामांतरण के प्रकरण सात दिवस में निराकृत कराएं। सभी सीएमओ आवास योजना से प्रथम किश्त की राशि मिलने के बाद आवास का निर्माण न कराने वालों के विरूद्ध वसूली की कार्यवाही करें। इसके लिए आरआरसी जारी कराएं। बैठक में संभागीय खेल अधिकारी एमके धौलपुरी ने 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। बैठक में पेयजल व्यवस्था, ई केवाईसी अपडेशन तथा भू अर्जन के प्रकरणों की समीक्षा की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, सहायक कलेक्टर दृष्टि जायसवाल, एसडीएम हुजूर वैशाली जैन, डिप्टी कलेक्टर राजेश सिन्हा, डिप्टी कलेक्टर सुधाकर सिंह, एसडीएम त्योंथर पीएस त्रिपाठी, एसडीएम गुढ़ अनुराग तिवारी, एसडीएम मनगवां संजय जैन तथा संभा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *