उप मुख्यमंत्री का हनुमना में जिला महोत्सव कार्यक्रम में किया गया नागरिक अभिनंदन

उप मुख्यमंत्री का हनुमना में जिला महोत्सव कार्यक्रम में किया गया नागरिक अभिनंदन
मऊगंज जिला उत्तरोत्तर प्रगति की ओर अग्रसर है – उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल

रीवा 16 अगस्त 2025. उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि मऊगंज जिला उत्तरोत्तर प्रगति की ओर अग्रसर है। सभी के सहयोग से लक्ष्य की पूर्ति के लिए रचनात्मक कार्य सतत जारी रहेंगे। उन्होंने विकसित मऊगंज जिला बनाने के लिए सभी से सहभागी होने की अपेक्षा की। उप मुख्यमंत्री का मऊगंज जिला बनाओ संघर्ष समिति हनुमना द्वारा जिला महोत्सव कार्यक्रम में नागरिक अभिनंदन किया गया।

हनुमना के हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि मऊगंज जिले में विकास के साथ-साथ स्वास्थ्य, सिंचाई सुविधाओं सहित अन्य कार्य प्राथमिकता से कराए जा रहे हैं। बाईपास, रिंगरोड तथा सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। स्वच्छ जल को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य प्रगति पर है। आने वाले समय में मऊगंज जिला पूर्ण विकसित जिले के तौर पर जाना जाएगा और इसके विकास कार्य अन्य जिलों के लिए उदाहरण होंगे। उन्होंने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में मऊगंज, हनुमना सहित ग्रामीण क्षेत्रों के स्वास्थ्य केन्द्रों को सुविधा संपन्न बनाया जा रहा है। चिकित्सकों, चिकित्सकीय स्टाफ व उपकरणों की पूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। जनता की आवश्यकता के लिए धन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में 11 वर्षों के सुशासन काल में देश आर्थिक महाशक्ति बन रहा है। विश्व में हम तीसरे नम्बर की आर्थिक महाशक्ति बनने जा रहे हैं। उन्होंने मऊगंज के विकास के लिए विधायक श्री प्रदीप पटेल को साधुवाद दिया जिनके प्रयासों से विकास हेतु राशि की कोई कमी नहीं हो रही है। उप मुख्यमंत्री ने मऊगंज वासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के साथ ही मऊगंज जिले की स्थापना के द्वितीय वर्ष पूर्ण होने पर बधाई दी।

कार्यक्रम में ‍विधायक मऊगंज श्री प्रदीप पटेल ने कहा कि मऊगंज जिले की स्थापना के द्वितीय वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम में इसी जिले के लाल उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल की उपस्थिति गौरवपूर्ण है। उनके सहयोग से सीतापुर-हनुमना सिंचाई सुविधा, चौराघाट निर्माण, औद्योगिक क्षेत्र में देश के बड़े औद्योगिक संस्थानों द्वारा उद्योग स्थापना की स्वीकृति देने सहित अन्य विकास के कार्य तेजी से हो रहे हैं। यह जिला हर क्षेत्र में आने वाले समय में प्रदेश का सर्वोत्तम जिला बनेगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजसेवी डॉ राजेन्द्र मिश्र ने कहा कि मऊगंज जिले के विकास में उप मुख्यमंत्री जी का निरंतर सहयोग मिल रहा है। उनके मार्गदर्शन में यह जिला उन्नति की ऊंचाईयाँ छुएगा। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल को अभिनंदन पत्र भेंट किया गया। इससे पूर्व उप मुख्यमंत्री ने हनुमान मंदिर में भगवान के दर्शन किए तथा पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम में कलेक्टर संजय कुमार जैन, पूर्व विधायक लक्ष्मण तिवारी, केशव प्रसाद मिश्र, संतोष मिश्र, नगर परिषद अध्यक्ष आशुतोष गुप्ता, जनपद अध्यक्ष नीलम सिंह, नईगढ़ी जनपद अध्यक्ष ममता तिवारी, रीवा जिला गौसंवर्धन बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष राजेश पाण्डेय, एसडीएम बीपी पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में हनुमनावासी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *